- Home
- /
- महाराष्ट्र: 5 व 7 मार्च को होने...
महाराष्ट्र: 5 व 7 मार्च को होने वाली परीक्षा अब अप्रैल में

डिजिटल डेस्क,मुंबई। महाराष्ट्र बोर्ड ने कक्षा 12 वीं के भाषा विषयों की परीक्षाओं की तारीख में आंशिक बदलाव किया है। इसके तहत 5 और 7 मार्च को होने वाली भाषा विषय की परीक्षाएं अब 5 और 7 अप्रैल को आयोजित होंगी। गुरुवार को राज्य की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र बोर्ड के अनुसार 5 मार्च, शनिवार के दिन प्रथम सत्र में होने वाली हिंदी और द्वितीय सत्र में होने वाली जर्मन, जापानी, चीनी और पर्शियन विषय की परीक्षा अब 5 अप्रैल मंगलवार को आयोजित होगी। जबकि 7 मार्च, सोमवार के दिन प्रथम सत्र में होने वाली मराठी, गुजराती, पंजाबी, बंगाली, कन्नड, सिंधी, मलयालम, तमिल, तेलुगू विषय और द्वितीय सत्र में होने वाली उर्दू, फ्रेंच, स्पैनिश और पाली विषय की परीक्षा अब 7 अप्रैल, गुरुवार को आयोजित होगी।
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (महाराष्ट्र बोर्ड) की कक्षा 12 वीं की परीक्षा 4 मार्च से शुरू होगी। महाराष्ट्र बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भाषा विषय के अलावा बाकी विषयों की परीक्षाएं घोषित टाइम-टेबल के अनुसार होंगी। वहीं महाराष्ट्र बोर्ड की कक्षा 10 की परीक्षा के समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। महाराष्ट्र बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार पुणे-नाशिक महामार्ग पर प्रश्न पत्र लेकर आ रहे ट्रक में आग लगने से काफी प्रश्नपत्र जल गए थे। जबकि कुछ प्रश्न पत्र सड़क पर बिखर गए थे। इसलिए प्रश्न पत्र लीक होने की संभावना को देखते हुए भाषा विषयों की परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है।
Created On :   24 Feb 2022 8:09 PM IST