- Home
- /
- फेसबुक फ्रेंड की करतूत, बीच राह...
फेसबुक फ्रेंड की करतूत, बीच राह दिनदहाड़े युवती की हत्या का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नंदनवन क्षेत्र के राजेंद्रनगर चौक में दिनदहाड़े एक युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। घटना के बाद भीड़ ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी धुनाई की। उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी प्रशांत बारसागडे (24) देवरी, गोंदिया निवासी है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवती को मेडिकल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। वह किसी अस्पताल में नर्स का काम करती है। आरोपी से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हो गई। आरोपी एक तरफा प्रेम के चक्कर में पड़कर घटना को अंजाम दिया है।
ड्यूटी करने के बाद घर लौट रही थी
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रशांत बारसागडे गोंदिया में कोई निजी कार्य करता है। प्रशांत की फेसबुक के माध्यम से 28 वर्षीय युवती से पहचान हुई। 8 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे युवती ड्यूटी से घर जा रही थी। इस दौरान आरोपी प्रशांत ने राजेंद्र नगर चौक, नागपुर में उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के पेट, सिर, हाथ और गाल पर वार किया। घटना के समय वहां नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी प्रशांत की भीड़ ने जमकर धुनाई की। इस दौरान पास में भारत बंद बंदोबस्त में लगे पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवती को मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया। आरोपी को नंदनवन पुलिस के हवाले कर दिया गया। नंदनवन थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक श्याम कनोजिया ने आरोपी प्रशांत बारसागडे पर धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Created On :   9 Dec 2020 12:35 PM IST