- Home
- /
- मनपा चुनाव के पूर्व कांग्रेस में...
मनपा चुनाव के पूर्व कांग्रेस में गुटबाजी , दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस में कार्यकर्ता-पदाधिकारियों में समन्वय की मांग विकास ठाकरे 2013 से शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वनवे, गुडधे, जिचकार जैसे पदाधिकारी स्थानीय कांग्रेस में ठाकरे विरोधी गुट के नेता माने जाते हैं। ऐसे में यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन पदाधिकारियों ने शहर में नया नेतृत्व देने या फिर संगठन कार्य में नेतृत्व का विकेंद्रीकरण करने की मांग प्रदेश प्रभारी से की है। उधर प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले व ऊर्जामंत्री नितीन राऊत के बीच राजनीतिक स्पर्धा साफ देखी जा रही है।
कभी राऊत को पद से हटाने की चर्चा चलती है, तो कभी भ्रष्टाचार की शिकायत में उनके विभाग पर सवाल उठाए जाने लगते हैं। ऐसे में राऊत समर्थक कहते हैं कि पार्टी के ही कुछ नेता उनके लिए अड़चन तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं। मनपा राजनीति में प्रभावी स्थान रखने वाले प्रफुल गुडधे व ओबीसी राजनीति में प्रभाव रखने वाले नरेंद्र जिचकार संगठन में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहते हैं। कार्यकर्ताओं में ऐसी भी शिकायत बढ़ने लगी है कि प्रदेश अध्यक्ष पटोले व शहर अध्यक्ष ठाकरे कुछ कार्यकर्ताओं को जानबूझ कर नजरअंदाज कर रहे हैं। समितियों में नियुक्ति से लेकर विविध मामलों में कुछ बड़े नेता ही बाधक बन रहे हैं। लिहाजा, प्रदेश प्रभारी से नागपुर के मामले में व्यक्तिगत तौर पर ध्यान देने को कहा गया है।
शहर संगठन में बदलाव को लेकर दिल्ली दौरा : प्रदेश प्रभारी पाटील दो दिन पहले मुंबई में थे। प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की उपस्थिति में उन्होंने राज्य स्तर पर संगठन कार्य की समीक्षा भी की थी। प्रमुख पदाधिकारियों को आडियो संदेश भेजकर जिला स्तर पर नेतृत्व को लेकर सुझाव भी मांगे थे। ऐसे में यह भी संभावना जताई जाने लगी है कि नागपुर के पदाधिकारियों का दिल्ली दौरा शहर संगठन में बदलाव को लेकर था। गौरतलब है कि पाटील से दिल्ली में मिले पदाधिकारियों में मनपा के नेता प्रतिपक्ष तानाजी वनवे, वरिष्ठ नगरसेवक प्रफुल गुडधे, कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी के.के. पांडे, नरेंद्र जिचकार शामिल थे। शहर में कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर विवाद की स्थिति रही है।
कांग्रेस सेवादल देगा प्रशिक्षण, निकलेगी साइकिल यात्रा : अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल विविध चुनावों की तैयारी को देखते हुए सक्रिय हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सेवादल पदाधिकारी चुनाव कार्य संबंधी प्रशिक्षण देंगे। 6, 7 व 8 जुलाई को माउंट आबू में हुई कार्यकारिणी बैठक के बाद इन कार्यों को गति दी जा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विलास अवतारे, उपाध्यक्ष काजी मो. कलाम व राष्ट्रीय समन्वयक के.के. पांडे शामिल हुए थे। केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शनों को सेवादल ताकत देगा। अगस्त में केंद्र सरकार के विरोध में देश भर में 5 स्थानों से रैली निकलेगी। 20 अगस्त को नागपुर से दिल्ली के लिए रैली निकलेगी।
Created On :   19 July 2021 3:30 PM IST