सोशल मीडिया पर चक्रवात 'OCKHI' को लेकर दिनभर चला फर्जीवाड़ा

fake news, jokes pulled a lot on social media, on okhi affect
सोशल मीडिया पर चक्रवात 'OCKHI' को लेकर दिनभर चला फर्जीवाड़ा
सोशल मीडिया पर चक्रवात 'OCKHI' को लेकर दिनभर चला फर्जीवाड़ा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चक्रवाती तूफान ओखी के असर से मुंबई और आसपास के इलाकों में शुरु बे-मौसम बरसात के साथ ही सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और चुटकुलों का दौर शुरू हो गया। नेटिजंस ने चक्रवात को भाजपा सरकार के ‘मी लाभार्थी’ नारे से जोड़ा और खूब खिंचाई की। वहीं आशंकाओं के बीच अफवाहों का दौर भी जारी रहा। पुराने चक्रवातों के वीडियो शेयर कर लोगों को डराने की भी खूब कोशिश हुई। एक वायरल मैसेज का संदेश था कि "दिसंबर महीने में बारिश... आज तक किसी सरकार ने नहीं किया... हां ये मेरी सरकार है और मै लाभार्थी"। इसी तरह का एक और संदेश वायरल हो रहा था जिसमें लिखा हुआ था "पिछली पीढ़ी के मुकाबले मौजूदा पीढ़ी ज्यादा बरसात देख रही है। फिर बरसात आ गई, अब दिपावली आएगी फिर बोनस, हां ये मेरी सरकार है मै लाभार्थी"। स्कूलों में छुट्टी को लेकर भी कई लोगों ने निशाना साधा और सरकार से सवाल किया कि "क्या प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोग सुपरमैन होते हैं"। हालांकि सरकारी कर्मचारियों को सरकार ने किसी तरह की छुट्टी नहीं दी थी। कुछ लोगों के पास अपने सवाल थे। जैसे "मैं स्कूल में था, तब ये बादल कहां मर गए थे, अब क्रिस्मस आएगा या गणेशोत्सव, स्वेटर पहनूं या रेनकोट, एक नया मौसम और विधानसभा सत्र ग्रीष्मकालीन कहा जाएगा या वर्षाकालीन।

बीएमसी ने दी अफवाहों से सावधान रहने की सलाह 
इसके अलावा अफवाहों की बारिश भी सोशल मीडिया पर होती रही। किसी ने बांद्रा वरली सी लिंक समेत कई रास्तों को बंद बता दिया। तो किसी ने कोई विदेशी वीडियों पोस्ट कर दावा किया कि मुंबई में ओले गिर रहे हैं, तेज हवाएं चल रहीं हैं। आखिरकार महानगर पालिका को बयान जारी करना पड़ा कि ओखी के चलते शहर में कोई पुल या रास्ता बंद नहीं किया गया है। लोगों से समंदर किनारों और सोशल मीडिया के अफवाहों से दूर रहने की भी सलाह दी गई। मुंबई महानगर पालिका के डिजास्टर मैनेजमेंट सेल ने लोगों को संदेश भेजकर बताया कि ओखी चक्रवात मुंबई से 300 किलोमीटर दूर पश्चिम-दक्षिण दिशा में है और लगातार कमजोर हो रहा है। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तमाम एहतियाती कदम उठाए हैं। 

दक्षिण भारत में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान "ओखी" ने मुंबई में दस्तक दी। जिसके कारण दादर चौपाटी पर समुद्र की लहरें उठती रहीं। सुरक्षा लो लेकर अग्निशमन जवान जहाज दादर चौपाटी के किनारे तैनात किया गया था।



ओखी के चलते जारी रही बारिश, एक जहाज लापता

चक्रवाती तूफान ओखी के चलते मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही। राज्य में किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। हालांकि रायगढ जिले में समुद्र में गई एक जहाज लापता है। लेकिन इसमें कितने लोग सवार हैं, इस बारे में कोई जानकारी सरकार के पास नहीं है। राहत और पुनर्वसन मंत्री चंद्रकांत पाटील ने बताया कि महाराष्ट्र के बंदरगाहों पर दूसरे राज्यों की जहाज और मछुआरों को आश्रय दिया गया है। सिंधुदुर्ग के देवगढ बंदरगाह पर 63 जहाज 809 मछुआरों और रत्नागिरी के अलग-अलग बंदरगाहों पर 79 जहाज 1476 मछुआरों ने आश्रय लिया। इसके अलावा समुद्र में गई महाराष्ट्र की 2605 जहाज वापस तटों पर लौट आए हैं। मुंबई समेत आसपास के पांच जिलों में मंगलवार को एहतियातन स्कूल बंद रखे गए थे। साथ ही लगातार हो रही बारिश के चलते आशंकाओं से घिरे ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकले। लोकल ट्रेनों में रोज के मुकाबले भीड़भाड़ कम दिखी। हालांकि ट्रेनें और ट्रैफिक ज्यादातर सामान्य रहे, लेकिन कुछ उड़ानों पर ओखी का असर पड़ा। अगले दो दिनों तक समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी इसलिए लोगों को किनारों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मुंबई महानगर पालिका के मुताबिक चक्रवात लगातार मुंबई से दूर सूरत की ओर बढ़ रहा है इसलिए आने वाले कुछ समय में इसका असर और कम होगा।

 

 

Created On :   5 Dec 2017 5:41 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story