- Home
- /
- मरीज की मौत से बौखलाए परिजन : वीनस...
मरीज की मौत से बौखलाए परिजन : वीनस अस्पताल में तोड़फोड़, प्रकरण दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में बढ़ते संक्रमण को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। इसी बीच अस्पताल प्रशासन और परिजन दोनों ही परेशान हैं। इस बीच छावनी स्थित वीनस अस्पताल में मरीज के परिजन और अस्पताल प्रशासन के बीच मरीज की मौत और बिल को लेकर विवाद हो गया। जिसके कारण मरीज के परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
स्थिति गंभीर थी : पुलिस के अनुसार मरीज संगीता समुद्रे (38) को वीनस अस्पताल में भर्ती करने के लिए ले जाया गया। मरीज को 6 अप्रैल को भर्ती किया गया। उस समय मरीज की स्थिति गंभीर थी। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को मरीज की स्थिति बताई। यह बात मरीज के परिजनों ने लिख कर भी दी। इसके बाद उन्हें भर्ती किया गया। मरीज को वेंटिलेटर की जरूरत थी, लेकिन वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं था। दो दिन बाद वेंटिलेटर भी उपलब्ध कराकर मरीज को दिया गया। इसके बाद रविवार करीब 3.45 बजे मरीज की मौत हो गई।
पुलिस के आते ही हमलावर हुए फरार
मरीज की मौत पर परिजन गुस्सा हो गए और विवाद करने लगे। कुछ देर बाद करीब 20 से 25 लोग एक साथ आए और आते ही अस्पताल के स्टाफ से मारपीट शुरू कर दी। जब अन्य स्टाफ बचाने के लिए आया, तो सभी ने बड़े-बड़े पत्थरों से अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचते ही सभी लोग वहां से भाग गए। इसके बाद मरीज के शव को मनपा की गाड़ी में भेजा गया। इसको लेकर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Created On :   12 April 2021 11:49 AM IST