- Home
- /
- महिलाओं पर है परिवार नियोजन का भार,...
महिलाओं पर है परिवार नियोजन का भार, नसबंदी से बचते हैं पुरुष

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में जनसंख्या नियंत्रण का भार महिलाओं पर ही अधिक है। पुरुष यह जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं हैं। परिवार नियोजन के लिए नसबंदी करने वाले पुरुषों की संख्या साल दर साल घट रही है। जबकि सरकार द्वारा लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी महिलाएं उठा रही हैं।
बीते गुरुवार को विधानमंडल में पेश राज्य के आर्थिक सर्वेक्षण 2017-18 में यह बात सामने आई है। सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक पिछले तीन वर्षों 2015-16, 2016-17 और 2017-18 में नसबंदी के लिए एक ही लक्ष्य 5 लाख 65 हजार का रखा गया। इनमें से 2015-16 में जहां नसबंदी कराने वाली महिलाओं की संख्या 4 लाख 46 हजार 800 थी, वहीं सिर्फ 14 हजार 800 पुरुषों ने नसबंदी के लिए ऑपरेशन कराया। इस साल महिलाओं के चलते नसबंदी का 81.6 फीसदी लक्ष्य पूरा हो सका। 2016-17 में नसबंदी कराने वाले पुरुषों की संख्या घट कर 13 हजार 900 हो गई, जबकि उस साल 4 लाख 38 हजार 800 महिलाओं ने नसबंदी अपनाई। इसी तरह 2017-18 ( दिसंबर 2017 तक) 8 हजार 860 पुरुषों ने नसबंदी कराई है। इस साल नसबंदी आपरेशन कराने वाली महिलाओं की संख्या 2 लाख 83 हजार 200 है।
नसबंदी कार्यक्रम :
वर्ष लक्ष्य पुरुष महिला लक्ष्य पूरा (प्रतिशत)
2015-16 5.65 लाख 14800 4,46,800 81.6
2016-17 5.65 लाख 13900 4,38,800 80.1
2017-18 5.65 लाख 8860 2,83,200 52.0 (दिसंबर तक)
Created On :   10 March 2018 11:40 PM IST