जंगल में आम के पेड़ से किसान ने लगाई फांसी, 90 हजार रुपए था कर्ज

Farmer hangs from mango tree in the forest of jabalpur district
जंगल में आम के पेड़ से किसान ने लगाई फांसी, 90 हजार रुपए था कर्ज
जंगल में आम के पेड़ से किसान ने लगाई फांसी, 90 हजार रुपए था कर्ज

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। महज 90 हजार रुपए का कर्ज के चलते एक किसान ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। मृतक पिछले एक सप्ताह से काफी परेशान चल रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। मृतक का शव जंगल में आम के पेड़ पर लटका मिला। मृतक के परिजनों की माने, तो बैंक और समिति के  सदस्य उसे आए दिन परेशान करते थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है और मामले को विवेचना में लिया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत भतौडिया खुर्द के किसान भोले यदुवंशी उम्र 35 वर्ष ने गुरुवार की रात जंगल में आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। मृतक के भाई के अनुसार भोले पर बैंक का लगभग 50 हजार का कर्ज, स्पंदना और ग्राम शक्ति समूह का लगभग 40 हजार रुपए का कर्ज था। परिजनों ने बताया कि बीते तीन चार दिन से भोले बेहद परेशान चल रहा था। परिजनों के अनुसार भोले यदुवंशी खेतों में काम करने के बाद बुधवार की शाम को घर के समीप स्थित पहाड़ी पर गया था। रात को वह घर नहीं पहुंचा। दूसरे दिन भी वह घर नहीं आया।

शुक्रवार की सुबह उसके भाई रामाधार ने उसकी तलाश प्रारंभ की। खोजबीन के बाद पहाड़ी पर उसके भाई का शव आम के पेड़ से लटका नजर आया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में उपनिरीक्षक करण सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और उसे पीएम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।

नहीं मिला सुसाइड नोट
मृतक भोले यदुवंशी के पास से पुलिस को किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की पत्नी बीमार रहती है। इसके साथ ही एक बेटी और दो पुत्र है।  सबसे छोटे पुत्र की उम्र महज 4 साल है। बिलावर में हुई इस घटना से ग्रामीण स्तब्ध है। ग्रामीणों ने भी इस मामले की जांच किए जाने और परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासनिक अधिकारियों से की है।

इनका कहना है
भतौडिया खुर्द में 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाई है। मृतक के पास से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। वह खेती किसानी करता था। जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।
प्रतीक्षा मार्को, थाना प्रभारी जुन्नारदेव

Created On :   16 Nov 2018 2:15 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story