- Home
- /
- पलसगढ़ के धान खरीदी केंद्र पर चल रही...
पलसगढ़ के धान खरीदी केंद्र पर चल रही हेराफेरी से भड़के किसान

डिजिटल डेस्क, कुरखेड़ा (गड़चिरोली)। आदिवासी विकास महामंडल की आेर से तहसील के ग्राम पलसगढ़ में एकाधिकार धान खरीदी योजना के तहत धान खरीदी केंद्र आरंभ किया गया है। वर्तमान में इस केंद्र ने तकरीबन 5 हजार क्विंटल धान की खरीदी की है, लेकिन केंद्र संचालकों द्वारा किसानों की बड़े पैमाने पर लूट किए जाने से किसानों में असंतोष था। एक किसान ने अपने घर में ही धान का वजन किया और इसे बेचने के लिए खरीदी केंद्र में पहुंचाया, लेकिन केंद्र में लगाए गए इलेक्ट्रिक काटे में धान बोरों का वजन काफी कम पाए जाते ही उपस्थित किसान संतप्त हो गए और इस मामले की शिकायत कुरखेड़ा के उपप्रादेशिक अधिकारी और गड़चिरोली के प्रादेशिक अधिकारी से कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब टीडीसी के अधिकारी केंद्र पर पहुंचे तो नाराज किसानों ने केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने और नुकसान मुआवजे की मांग को लेकर अधिकारियों का घेराव किया। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन देने के बाद किसान शांत हुए।
बता दें कि, पलसगढ़ के एक किसान ने अपने घर में ही धान के बोरों का वजन किया। इन बाेरों को गांव के सरकारी धान खरीदी केंद्र में पहुंचाया। यहां मौजूद इलेक्ट्रिक के काटे में वजन करने पर बोरों का वजन कम पाया गया। 40 किलो के एक धान के बोरे में तकरीबन 3 किलो 270 ग्राम धान कम पाया गया। वहीं एक क्विंटल के बोरे में 8 किलो 175 ग्राम धान कम पाया गया। केंद्र में खुलेआम किसानों की लूट उजागर होते ही यहां मौजूद किसान संतप्त हो गए। किसानों ने इसकी शिकायत आदिवासी विकास महामंडल के कुरखेड़ा के उपप्रादेशिक अधिकारी एम.एस. बावणे और खरीदी निरीक्षक से की। दोनों अधिकारियों ने तत्काल केंद्र पर पहुंचकर नए इलेक्ट्रिक काटे का प्रबंध किया।
नए कांटे में उक्त किसान के धान का वजन करने पर धान का वजन सही पाया गया। इस समय किसान और भी संतप्त हुए और संबंधित केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर गड़चिरोली के प्रादेशिक अधिकारी कोटलावार से संपर्क कर शिकायत की। शिकायत पर गंभीरता से ध्यान देते हुए प्रादेशिक अधिकारी कोटलावार भी तत्काल पलसगढ़ के केंद्र पर पहुंचे। मामले की गहनता से जांच करने पर केंद्र संचालक का दोष पाया गया। इस समय किसानों ने टीडीसी के सभी अधिकारियों का घेराव किया और कुछ देर तक केंद्र की खरीदी प्रक्रिया रोक दी। केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने और अब तक हुई लूट का मुआवजा देने का आश्वासन प्रादेशिक अधिकारी कोटलवार द्वारा दिए जाने के बाद किसान शांत हुए। केंद्र में अब तक 2 हजार 500 क्विंटल धान का नुकसान होने की शिकायत भी मौजूद किसानों ने अधिकारियों से की। केंद्र संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई न होने पर तीव्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी इस समय दी गई। इस समय जिप के पूर्व उपाध्यक्ष व कांग्रेस के तहसील अध्यक्ष जीवन नाट, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष जयंत हरडे, जिप के पूर्व सदस्य प्रभाकर तुलावी, किसान श्यामराव गोटा, भाऊराव तिरंगम, मधुकर दरवडे, वासुदेव निंबेकार, रूषि हलामी, वासुदेव बंसोड, सुभाष बंसोड, करंगुसुजी कवडे, खुशाल पारधी, हिसेर नैताम, दिलीप बंसोड, शिवलाल हलामी, लेखचंद बंसोड, लालाजी बंसोड समेत दर्जनों की संख्या में अन्य किसान उपस्थित थे।
Created On :   17 Dec 2022 6:09 PM IST












