- Home
- /
- किसान के खेत का चना और 150 मोसंबी...
किसान के खेत का चना और 150 मोसंबी के पेड़ जलकर खाक

डिजिटल डेस्क, वरुड़(अमरावती)। तहसील के राजुरा बाजार में रविवार 27 मार्च की रात एक किसान द्वारा 3 एकड़ खेत से निकालकर रखा गया चने का ढेर और 150 मौसंबी के पेड़ आग लगने के कारण जलकर राख हो गए। यह आग लगी अथवा लगाई गई। इसको लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इस आग से किसान का 3 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक राजुरा बाजार के खेत शिवार में बाबाराव बहुरूपी का खेत है। उसके खेत में 450 मौसंबी के पेड़ हैं। साथ ही 3 एकड़ क्षेत्र में इस किसान ने चने की बुआई की थी। चने की फसल निकालकर उसने खेत में ही ढेर लगाया था। रविवार 27 मार्च की रात 9 बजे के दौरान अचानक चने के ढेर में आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और मौसंबी के पेड़ों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग से 150 मौसंबी के पेड़ भी जलकर राख हो गए। साथ ही ठिंबक सिंचाई के पाइप को भी नुकसान पहंुचा। इस आग में 30 क्विंटल चना व स्प्रिंकलर पाइप सहित कुल किसान का 3 लाख रुपए का माल जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरुड़ नगर परिषद का अग्निशमन दल घटनास्थल आ पहंुचा। अथक प्रयासों के बाद इस आग को काबू में किया गया। इस कारण मौसंबी के 300 पेड़ बच गए लेकिन चने की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह आग लगी अथवा लगाई गई, यह अभी तक पता नहीं चला है। घटनास्थल पर नागरिकों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है।
Created On :   29 March 2022 2:39 PM IST