- Home
- /
- मुंबई पहुंचा किसानों का मोर्चा-...
मुंबई पहुंचा किसानों का मोर्चा- विधानसभा करेंगे कूच, आजाद मैदान में डेरा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 10 हजार से ज्यादा किसान और आदिवासी ठाणे से पैदल मुंबई पहुंच रहे हैं। बुधवार रात सायन स्थित सोमैया मैदान में रैली के बाद गुरूवार सुबह किसान आजाद मैदान के लिए निकलेंगे। लोक संघर्ष मोर्चा की अगुआई में यह मार्च यहां पहुंचने के बाद सरकार का रुख देखते हुए आगे की रणनीति बनाएगा। किसान विधानभवन के बाहर अपनी मांगों को लेकर पहुंचना चाहते थे लेकिन फिलहाल पुलिस ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी है। मोर्चे में शामिल फिरोज मिठीबोरवाला ने बताया कि फिलहाल 10 हजार से ज्यादा किसान ठाणे से मुंबई के लिए निकले हैं। आजाद मैदान पर पहुंचकर सरकार का रुख देखते हुए हम आगे की रणनीति बनाएंगे। मार्च में शामिल ज्यादातर किसान विदर्भ, मराठवाडा और उत्तर महाराष्ट्र के हैं।
आजाद मैदान में डालेंगे डेरा
ठाणे से 45 किलोमीटर पैदल यात्रा कर किसान विधानभवन में पहुंचना चाहते हैं। इससे पहले आजाद मैदान में धरना प्रदर्शन का दौर चलेगा। हजारों किसानों के साथ-साथ जलपुरुष राजेंद्र सिंह, स्वराज इंडिया पार्टी के मुखिया योगेंद्र यादव, पूर्व न्यायाधीश बीजी कोलसे पाटील, सांसद राजू शेट्टी समेत कई गणमान्य शामिल होंगे। किसानों ने सरकार के सामने 10 मांगे रखी हैं। कृषि उपज को लागत का डेढ़ गुना दाम, वन जमीन पर रहने वालों को उसका मालिकाना हक, किसानों को दिन में बिजली मिले और गांव व शहर में एक समान बिजली कटौती हो, सभी किसानों को सूखे में मदद और फसल कर्ज मिले, सूखाग्रस्त इलाकों के सभी विद्यार्थियों की फीस माफ हो और जमा फीस वापस की जाए जैसी 10 मांगों को लेकर किसान धरना प्रदर्शन करेंगे।
कंधे पर बच्चे और खाने-पीने का सामान
इस मोर्चे का नियोजन राष्ट्रा सेवादल, भारत बचाव आंदोलन, विद्यार्थी भारती संगठन के कार्यकर्ता कर रहे हैं। मोर्चे में महिलाओं की अच्छी संख्या है। करीब 70 फीसदी महिलाएं नजर आ रही हैं। कंधे पर बच्चे और खाने-पीने की सामग्री लादे हजारों किसान इस मोर्चे में शामिल हैं। यह मोर्चो बेहद अनुशासनबद्ध तरीके से निकाला जा रहा है। ठाणे से मुंबई की तरफ की रवाना होते वक्ते महामार्ग पर दो-दो किसान एक साथ चल रहे थे, जिससे वाहनों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो। इसके पहले विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान नाशिक से मुंबई तक किसानों ने मोर्चा निकाला था।
Created On :   21 Nov 2018 8:03 PM IST