- Home
- /
- किसानों को मुफ्त मिलेंगी खसरा खतौनी...
किसानों को मुफ्त मिलेंगी खसरा खतौनी की नकल

डिजिटल डेस्क,भोपाल। प्रदेश के किसानों को खसरा-खतौनी की नकलें मुफ्त में दी जाएंगी। यह अभियान 15 अगस्त से शुरू होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए राजस्व और ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान कही। इस दौरान राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मानवीय दृष्टिकोण से करें। किसी गरीब को हटाने से पहले उसके आवास की वैकल्पिक व्यवस्था करें, जबकि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के अतिक्रमण को तुरंत हटाएं। प्रत्येक आवासहीन को आवास उपलब्ध कराने के अभियान के लिये तैयारिया करें। यह अभियान आगामी 25 सितम्बर के बाद शुरू होगा। राजस्व और ऊर्जा विभाग सीधे आम जनता से जुड़े विभाग है। इनसे जुड़ी विभिन्न सेवाओं को समय-सीमा में प्रदाय किया जाये। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत इनकी सेवाएं समय पर दी जा रही है, इसकी मॉनिटरिंग सभी कलेक्टर करें।
सीएम ने कहा कि सभी कलेक्टर एक सप्ताह में जानकारी भेंजे कि उनके जिले में राजस्व संबंधी प्रकरण समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई। समय-सीमा से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से कराएं। राजस्व अधिकारी निर्धारित दिनों पर अपने राजस्व न्यायालय में बैंठे और उसे पोर्टल पर दर्ज कराएं। बारिश में आकस्मिक आपदाओं से निपटने और विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का निराकरण ग्राम स्तर तक जाकर किया जाए।
Created On :   11 July 2017 9:59 AM IST