- Home
- /
- डेढ़ एकड़ में लहलहा रही थी अफीम की...
डेढ़ एकड़ में लहलहा रही थी अफीम की फसल! पुलिस ने 4 को गिरफ्तार किया

डिजिटल डेस्क सिंगरौली (वैढऩ)। अभी तक गांजा, हेरोईन जैसे अन्य मादक पदार्थो के बारे में तो सभी ने सुना होगा। जिनकी छोटी-मोटी खेप मिलने से आये दिन जिले में हो-हल्ला मचा रहता है। लेकिन यहां बरगवां थाना अन्तर्गत बसे मनिहारी गांव में तो अफीम की खेती ही की जाती है। जी हां, जिस अफीम की खेती को प्रशासन ने पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर रखा है, उसकी फसल इस गांव के खेतों ऐसे लहलहाती है जैसे कोई मौसमी फसल हो। एक के बाद एक खेतों में लगातार लगी अफीम की फसलें और उसमें लहलहाते अफीम के हरे-भरे खिले सफेद रंग के फूलों का नजारा देखकर हर कोई चौंक गया। दरअसल, अफीम की इस अवैध खेती का पता बरगवां पुलिस के एक आरक्षक नीलेश तोमर को चला था जिसके बाद बरगवां टीआई आरपी सिंह, एसडीओ मोरवा कृपाशंकर द्विवेदी ने तत्काल कप्तान विनीत जैन को इसकी सूचना दी। फिर शाम तक एसपी के निर्देश पर बरगवां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई भी शुरू कर दी थी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था और अफीम की खेती करने वाले खुद को बचाने भागने लगे। पास में जंगल और पहाड़ होने का फायदा उठाकर कई भाग निकले या छिप गये। ऐसे काफी देर तक पुलिस आरोपियों की तलाश में पूरे गांव में इधर-उधर भटकती रही और कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस की गिरफ्त में चार आरोपी आये। बाकियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
एक करोड़ है कीमत
जानकर हैरानी होगी कि यहां अफीम की यह अवैध खेती कोई एक-दो खेत में नहीं बल्कि गांव के अलग-अलग स्थानों में स्थित खेतों में होती है और इस संबंध में सोमवार खुलासा करते हुये एसपी श्री जैन ने बताया कि अभी करीब 10 के करीब खेतों में अफीम की खेती का होना पाया गया है। जिसका रकवा करीब डेढ़ एकड़ से Óयादा क्षेत्रफल का है और इसकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा आंकी जा रही है। श्री जैन ने बताया कि अफीम से ब्राउन शुगर और हेरोईन बनाई जाती है साथ ही इसके अन्य विभिन्न तरह के उपयोग होते हैं। इसलिए कीमत का दायरा और भी ज्यादा हो सकता है।
काफी समय से की जा रही थी खेती
एसपी श्री जैन ने बताया कि यहां के खेतों में जिस तरह से अफीम की फसल लहलहा रही है। उससे इतना तो तय है कि यहां इस अवैध खेती को पहले से ही किया जा रहा है और इसे करने वाले इसके जानकार है।
घर छोड़ भाग गये
अफीम की खेती को लेकर पुलिस की चल रही कार्रवाई के कारण यहां सोमवार को पुलिस का जमघट लगा रहा। जिसे देखकर गांव के लोग दहशत में थे और कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं था। बताया जाता है कि जिन घर के लोग अफीम की खेती करने के आरोपी थे वे घर छोड़कर भाग निकले है कुछ घरों में ताला लटका पड़ा है और बाकी घरों में सिर्फ महिलाएं बची हैं।
अफीम के कटे पौधे मिले
कार्रवाई में पुलिस को एक घर के पास खेत में अफीम के पौधे कटे हुये भी मिले हैं। जिसे देखकर बताया जा रहा है कि हो न हो एक दिन पहले इन पौधों को काटा गया होगा, कार्रवाई के कुछ देर पहले और इन्हे लेकर भागने की तैयारी रही होगी।
ग्रामीणों ने कहा पोस्ता के लिये करते हैं खेती
पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों की हालत कुछ भी बोलने की नहीं थी। लेकिन बड़ी मुश्किल से इक्का दुक्का लोगों ने कहाकि उनके यहां यह खेती पोस्ता के दाने के लिये की जाती है। बाकी उन्हे कुछ नहीं पता है। लेकिन उनकी इन बातों को पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया।
Created On :   6 March 2018 2:19 PM IST