- Home
- /
- दूसरी औरत के चक्कर में बाप ने बेटी...
दूसरी औरत के चक्कर में बाप ने बेटी को घर से निकाला

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। एक शराबी पिता ने दूसरी औरत के चक्कर में अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी को पीट-पीटकर घर से निकाल दिया। नाबालिग ने तीन रात स्टेशन और सड़क पर गुजारी। गोहलपुर केसरी कॉलोनी की बेंच पर सो रही नाबालिग पर क्षेत्रीय लोगों की नजर पड़ी। इसके बाद एक सामाजिक कार्यकर्ता ने नाबालिग को सहारा दिया।
जानकारी के अनुसार घमापुर थाना अंतर्गत चांदमारी क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय कामनी बर्मन की मां का निधन हो चुका है। उसके पिता शक्ति बर्मन ने दूसरी शादी कर ली है। शराब पीने के बाद शक्ति बर्मन आए दिन कामनी के साथ मारपीट करता था। उसकी दूसरी मां भी उसे परेशान किया करती थी। तीन दिन पहले शराबी पिता ने दूसरी मां के कहने पर कामनी को घर से निकाल दिया। इस दौरान उसने स्टेशन और सड़कों पर रात गुजारी।
बुधवार रात गोहलपुर क्षेत्र की केसरी कॉलोनी की बेंच पर कामनी लेटी हुई थी। उस क्षेत्रीय लोगों की नजर पड़ी। क्षेत्रीय पार्षद ताहिर अली और सामाजिक कार्यकर्ता मनोरमा गोलछा भी मौके पर पहुंच गई। किशोरी की आपबीती सुनने के बाद मनोरमा उसे अपने घर ले गई। पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता पुलिस की मदद से किशोरी को सुरक्षित जगह पर पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।
Created On :   6 July 2017 11:21 PM IST