13 विधानसभा सीटों से मिले फीड बैक ने कांग्रेस की चिंता बढ़ाई

Feedback received from 13 assembly seats increased the concern of Congress
13 विधानसभा सीटों से मिले फीड बैक ने कांग्रेस की चिंता बढ़ाई
छत्तीसगढ़ 13 विधानसभा सीटों से मिले फीड बैक ने कांग्रेस की चिंता बढ़ाई

डिजिटल डेस्क, रायपुर। मिशन-2023 के तहत लगातार पांच दिन से नब्ज टटोल रहे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की चिंताएं बढ़ गई हैं। उनकी यह चिंता कार्यकर्ताओं से मिले फीड बैक ने बढ़ाई है। सत्ता व संगठन की जमीनी हकीकत जानने नेताद्वय ने फिलहाल फोकस उन 19 विधानसभा सीटों पर रखा है जहां कांग्रेस प्रत्याशी 2018 में चुनाव हार गए थे। पुनिया और मरकाम अब तक 13 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच चुके हैं।

यहां इन्होंने सत्ता और संगठन के कामकाज के बारे में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। इस दौरान इन्हें जो बातें सुनने को मिलीं, उसने इन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। अधिकांश जगहों पर दोनों ही नेताओं के सामने कार्यकर्ताओं की नाराजगी साफ झलकी। कार्यकर्ताओं ने नेताद्वय के सामने खुल कर कहा कि न तो उनका काम हो रहा है और न ही अफसर उनकी बात सुनते हैं। सत्ता और संगठन दोनों में पूछ-परख न होने का आरोप लगाते हुए कुछ ने तो यहां तक बोल दिया कि चार साल हो गए हैं, पर कभी नहीं लगा कि प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार है।

चेहरा बदलने की उठी मांग

हर विधानसभा क्षेत्र के दो सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ताओं जिनमें स्थानीय वरिष्ठ नेता, बूथ, तहसील और जिला स्तर के पदाधिकारी भी शामिल हैं से जब पुनिया व मरकाम ने खुली चर्चा की तो कार्यकर्ताओं ने खुल कर कहा कि यदि 2023 में दोाबरा सरकार बनानी है तो चेहरा बदलना होगा। पुराने चेहरे नहीं जीतेंगे। क्योंकि चुनाव जीतने के बाद कोई पूछने तक नहीं आया। मतदाताओं की तरह हमें भी बहलाया जाता है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि कांग्रेस सभी जगह काफी मजबूत स्थिति में है लेकिन कांग्रेस को कांग्रेस के नेता ही हराते हैं। इसलिए बागियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही बेहतर परिणाम के लिए नए चेहरे सामने लाए जाने चाहिए।

शिकायतों के बीच क्विक एक्शन

पुलिया और मरकाम के विधानसभा क्षेत्रों के दौरे के दौरान मिल रहे फीड बैक और शिकायतों पर अब संगठन सख्त होता जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में तीन नेताओं को नोटिस जारी किया गया है। जोगी की पार्टीे से हाल ही में कांग्रेस में आए बिलासपुर शहर कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री बंटी खान, सदस्य फारुख खान व राजवर्धन सिंह को गुटबाजी फैलाने के आरोप में नोटिस जारी किया गया है। बताया जाता है कि पुनिया व मरकाम के बिलासपुरप्रवास के दौरान लगाए गए बैनरों में प्रदेश अध्यक्ष  मोहन मरकाम की तस्वीर नहीं लगाई गई थी।

Created On :   23 Sep 2022 12:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story