- Home
- /
- हरियाली से अच्छादित 5274 पेड़ों की...
हरियाली से अच्छादित 5274 पेड़ों की कटाई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर शहर किसी समय हरियाली से आच्छादित रहा है, लेकिन अब विकास के नाम पर पेड़ों का कत्ल किया जा रहा है। पिछले 5 साल में मनपा के उद्यान विभाग से अनुमति लेकर 5274 पेड़ों की कटाई की गई है, जबकि इनके बदले नए पेड़ लगाने की शर्त होने के बाद भी नए पेड़ नहीं लगाए गए है, जिसका शहर के वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इन पेड़ों के अलावा 267 पेड़ों की अवैध कटाई भी हुई है।
एक के बदले 5 पेड़ लगाने की शर्त
एक पेड़ के लिए 5 हजार रुपए डिपॉजिट और 500 रुपए प्रशासकीय खर्च जमा करने पर मनपा पेड़ काटने की अनुमति देती है। एक पेड़ के बदले 5 पेड़ लगाकर उसका सही संगोपन करने पर 3 साल बाद डिपॉजिट रकम वापस की जाती है, लेकिन 5 साल में जिन लोगों ने अनुमति लेकर पेड़ों की कटाई की है, उनमें से एक भी व्यक्ति ने डिपॉजिट वापस नहीं ली है। इससे साफ जाहिर होता है कि पेड़ों की कटाई तो की गई, लेकिन बदले में पेड़ नहीं लगाए गए।
बिना अनुमति भी काटे पेड़
मनपा से अनुमति लेकर पेड़ों की कटाई के अलावा अवैध कटाई भी हुई है। गत पांच साल में 267 पेड़ों की अवैध कटाई के मामले सामने आए हैं। उनके खिलाफ न्यायालय में प्रकरण चल रहे हैं। यह जानकारी आरटीआई एक्टिविस्ट अभय कोलारकर को सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में सामने आई है।
10 साल से पेड़ों की गणना नहीं
शहर में कितने पेड़ हैं, इसकी मनपा के पास पुख्ता जानकारी नहीं है। साल 2011 में पेड़ों की गणना हुई थी। हर पांच साल में गणना होना अपेक्षित है। निधि के अभाव में पेड़ों की गणना ठंडे बस्ते में पड़ी है।
अगले महीने जारी होगा टेंडर
साल 2011 की गणना के अनुसार शहर में पेड़ों की संख्या 21 लाख के आसपास थी। निधि के अभाव में बीच में गणना नहीं हो पाई। इस वर्ष गणना की जाएगी। अगले महीने टेंडर जारी होगा।-अमोल चौरपगार, अधीक्षक, मनपा उद्यान विभाग
20 महीने में 1110 पेड़ काटने की अनुमति
1 जनवरी 2020 से 30 अगस्त 2021 तक 20 महीने में 1110 पेड़ काटने की अनुमति दी गई है। मनपा के उद्यान विभाग से यह अनुमति प्रदान की गई है। एक तरफ शहर की जनसंख्या बढ़ रही है, उसके मुकाबले पड़ों की संख्या कम हो रही है। पेड़ों की संख्या घटने से शहर के वातावरण पर प्रतिकूल परिणाम हो रहा है। अमेरिका के सैटेलाइट ने वायु प्रदूषण गणना के अनुसार नागपुर शहर की हवा का प्रदूषण स्तर मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया है।
Created On :   4 Dec 2021 3:15 PM IST