जहरीला इंजेक्शन लगाकर महिला डॉक्टर ने मौत को गले लगाया

Female doctor embraced death by injecting poisonous under stress
जहरीला इंजेक्शन लगाकर महिला डॉक्टर ने मौत को गले लगाया
सुसाइड जहरीला इंजेक्शन लगाकर महिला डॉक्टर ने मौत को गले लगाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  जहरीला इंजेक्शन लगाकर महिला डॉक्टर ने खुदकुशी कर ली।   जरीपटका थाना अंतर्गत हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने  कमरे से चार-पांच सिरिंज जब्त की है। सुसाइड नोट भी बरामद किया है,जिसके आधार पर आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया है। 

एमबीबीएस एमडी थी
मृतका नागसेन नगर स्थित प्लाट नं.-22 निवासी डॉ. आकांक्षा अमृत मेश्राम (34) है। वह एमबीबीएस एमडी थी। सोलापुर के सरकारी अस्पताल में वह अपनी सेवाएं दे चुकी थी। गत एक वर्ष से वह नागपुर में अपने माता-पिता के घर में रह रही थी। गुरुवार को रात करीब 9 बजे वह घर में ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में मृत पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में चार से पांच सिरिंज पुलिस को मिली हैं, जिसमें से एक से डेढ़ सीरिंज का इस्तेमाल हुआ था। 

आपसी रजामंदी से हुआ था तलाक
बताया जा रहा है कि वर्ष 2016 में आकांक्षा की शादी हुई थी। शादी के करीब दो-तीन वर्ष बाद ही आपसी रजामंदी से उसका तलाक हुआ। तलाक के बाद आकांक्षा एकांत में और तनाव में रहने लगी थी। किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। ज्यादा से ज्यादा समय वह अपने कमरे में बिताती थी। वैवाहिक जीवन बिखरने के बाद से आकांक्षा टूट गई थी। संभवत: इसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है। तलाशी के दौरान पुलिस को सुसाइड नोट िमला है। इसके आधार पर उप-निरीक्षक नाईकवाड़े ने आकस्मिक मृत्यु के तौर पर प्रकरण दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्रकरण की जांच में गंभीर खुलासा होने की संभावना है। जांच जारी है।
 

Created On :   11 Dec 2021 2:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story