- Home
- /
- अमरावती : नाले में आई बाढ़ में बही...
अमरावती : नाले में आई बाढ़ में बही महिला मजदूर

डिजिटल डेस्क, अमरावती / धामणगांव रेलवे। वडाला गांव से सटे शहापुर गांव के दाभाला नाले में अचानक बाढ़ आ गई और बारिश के कारण खेत से घर लौट रही एक महिला बाढ़ में बह गई। महिला की तलाश के लिए जिला आपदा निवारण का दल धामणगांव रेलवे तहसील के लिए रवाना हो गया। अमरावती जिले के कुछ हिस्से में सोमवार को सुबह से सामान्य बारिश दर्ज की गई। किंतु धामणगांव रेलवे तहसील की एक छाेटी बस्ती वडाला गांव में दोपहर 3 बजे के समय अचानक जाेरदार बारिश से होने कसबे में 65 मिमी से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई।
जानकारी के अनुसार शहापुर गांव के पास लगभग 100 घरोंं की बस्तीवाला वडाला गांव है। इस गांव में दोपहर 3 बजे के समय अचानक अतिवृष्टि समान बारिश हुई। जिससे शहापुर गांव से बहनेवाले दाभाला नाले में अचानक बाढ़ आ गई। दौरान जूना धामणगांव स्थित खेत से काम कर घर लौट रही संगीता नागपुरे नामक 35 वर्षीय महिला मजदूर दाभाला नाले में आई बाढ़ मेंं बह गई। घटना की जानकारी विधायक प्रताप अडसड़ व धामणगांव रेलवे के तहसीलदार ने जिला आपदा निवारण दल को दी।
खबर मिलते ही जिला आपदा निवारण दल के प्रमुख सचिन धरमकर, दीपक पाल, विशाल निमकर, देवानंद भुजाडे, भूषण वैद्य, गणेेश जाधव, योगेश ठाकरे, राजेंद्र शहाकार, महेश मांदाले शहापुर गांव की ओर रवाना हो गए। शाम 6.30 बजे तक इस नाले में सर्च अभियान शुरू था। किंतु नाले में बह गई महिला का कहीं पर पता नहीं चल पाया था। टीम में शामिल सचिन धरमकर को कुछ कांटने का संदेह होने के कारण उन्हें धामणगांव के ग्रामीण अस्पताल में ले जाया गया। वहां उनकी तबीयत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Created On :   30 Aug 2022 12:45 PM IST