- Home
- /
- पूर्व पेंच व्याघ्र प्रकल्प में मादा...
पूर्व पेंच व्याघ्र प्रकल्प में मादा तेंदुए की मौत

डिजिटल डेस्क, रामटेक। पूर्व पेंच वन परिक्षेत्र के पूर्व कुटुंबा क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 515 में 2 वर्ष की मादा तेंदुआ मृत पाई गई है। 28 अप्रैल को दोपहर करीब 12.30 बजे जंगल में गश्त करते समय वनरक्षक और वन कर्मचारियों ने तेंदुआ को देखा। घटना की जानकारी मिलते ही पेंच व्याघ्र प्रकल्प के उपसंचालक अमलेन्दु पाठक, सहायक वनसंरक्षक किरण पाटील, पशुवैद्यकीय अधिकारी डॉ. चेतन पातोंड घटनास्थल पर पहुंचे।
किया गया शव-विच्छेदन
जांच-पड़ताल में वन अधिकारियों ने मादा तेंदुआ की आयु दो वर्ष बताई। उसके शरीर पर खरोंच के चिह्न भी पाए गए हैं। चिकित्सा अधिकारी ने मौत होने का कारण किसी हिंसक प्राणी का हमला होना बताया है। घटना स्थल के 1000 मीटर के परिक्षेत्र में अन्य प्राणियों के प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष अस्तित्व की जांच वन कर्मचारी कर रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय व्याघ्र संवर्धन प्राधिकरण नई दिल्ली के सूचना अनुसार मृत तेंदुए का शव-विच्छेदन कर दहन किया गया। इस अवसर पर वन अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। आगे की जांच वनपाल राजीव मेश्राम और वनरक्षक महेश गायकवाड़ कर रहे हैं।
Created On :   29 April 2021 10:14 AM IST