लकड़गंज थाने में तृतीय पंथियों का जमकर हंगामा

Fierce uproar of third parties in Lakadganj police station
लकड़गंज थाने में तृतीय पंथियों का जमकर हंगामा
बंटवारे को लेकर आपस में भिड़े किन्नर लकड़गंज थाने में तृतीय पंथियों का जमकर हंगामा

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  एरिया का बंटवारा और चंदे को लेकर तृतीय पंथियों के दो गुटों में टकराव हो गया। मामला लकड़गंज थाने पहुंचा। दोनों गुटों के लगभग डेढ़ सौ तृतीय पंथियों ने अपनी शैली में थाने का घेराव किया। इससे दिन भर तनाव का माहौल बना रहा। दोनों गुटों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 

अभी गुटों की स्थिति
शहर में तृतीय पंथियों के पांच गुट हैं। इसमें से खदान, हंसापुरी और हसनबाग के गुट आपस में मिल गए हैं, जबकि मोतीबाग और मरियम नगर का गुट ने आपस में विलय कर लिया हैं। दो गुटों वाली टीम के सदस्य पहले ट्रेनों में चंदा मांगते थे। कोरोना काल के दौरान ट्रेनों के बंद होने तथा ट्रेनों की संख्या कम होने से यह लोग बस्तियों में चंदा मांगने लगे। इसका विरोध आपस में मिले तीन गुटों वाली टीम  ने किया। उनका कहना है कि वह शहर में बधाई नहीं मांगें। 

51 हजार की वसूली का विवाद 
शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे के दौरान दो गुटों वाली टीम के सदस्य मारवाड़ी चौक में चंदा मांगने गए हुए थे। आरोप है कि इस दौरान तीनों गुटों वाले सदस्यों ने उन्हें रोक लिया। लगभग 51 हजार रुपए की वसूली को लेकर उनमें विवाद हो गया। एक के साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों गुट लकड़गंज थाने पहुंचे। उनके पीछे-पीछे विरोधी सदस्य भी थाने में आ धमके। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। कुछ सदस्य अपनी शैली में अर्द्ध-निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन करने लगे। इससे थाने के सामने के मार्ग पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गया।

पुलिस ने सभी गुट के सदस्यों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने के मूड में नहीं थे। स्थिति को अनियंत्रित होते देखकर दंगा निरोधक दस्ता तथा अन्य थानों की टीम को भी बुलाया गया। इस बीच सह पुलिस आयुक्त अश्वती दोरजे, उपायुक्त गजानन शिवलिंग राजमाने, सहायक उपायुक्त थोरबोले, वरिष्ठ निरीक्षक पराग पोटे, उपनिरीक्षक आरवेली ने सख्ती से सभी तृतीय पंथियों को वहा से खदेड़ा। इस बीच असंज्ञेय, मारपीट और गैर-कानूनी तरीके से प्रदर्शन करने का मामला दर्ज किया गया है। 

तीन दिन से जारी है विवाद 
एरिया और चंदे की रकम में बंटवारे को लेकर तृृतीय पंथियों के बीच तीन दिन से विवाद जारी है, लेकिन शुक्रवार को इसमें गंभीर मोड़ आ गया। हालांकि पहले इस विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन हल नहीं निकलने से टकराव हो गया। 

Created On :   29 Jan 2022 3:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story