- Home
- /
- सनराइज अस्पताल अग्निकांड में 6...
सनराइज अस्पताल अग्निकांड में 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई पुलिस ने महानगर के भांडुप इलाके के ड्रीम मॉल में बनाए गए अस्पताल में लगी आग के मामले को लेकर शनिवार को मॉल के मालिक व सनराइज अस्पताल के प्रबंधन के खिलाफ सदोष मानव वध का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को हुए इस हादसे 11 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें ज्यादा तर कोरोना मरीज व वरिष्ठ नागरिक थे।
भांडुप पुलिस ने इस मामले में एचडीआईएल ड्रीम मॉल के निदेशक राकेश कुमार वधावन, निकिता त्रिहन, सारंग वधावन, दीपक शिर्के के अलावा प्रिविलेज हेल्थ केयर सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड (सनराइज अस्पताल के मालिक) के अमित सिंह त्रिहेन व स्विटी जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन सभी लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (सदोष मानव वध) व 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी व पुलिस उपायुक्त एस. चैतन्य ने यह जानकारी दी है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि अस्पताल का फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा था। मरीजों की मौत दम घुटने की वजह से हुई हैं। इस हादसे में मारे गए 11 लोगों में से 6 मरीज वेंटिलेटर पर थे। मिली जानकारी के मुताबिक अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन के लिए नवंबर 2020 में मॉल को नोटिस जारी किया गया था।इस बारे में परिमंडल सात के पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम के बताया कि यह लापरवाही अथवा उपेक्षा का मामला नहीं है बल्कि सुरक्षा से जुडे नियमों को लागू करने के उल्लंघन का है। मॉल ने फायर विभाग से जरूरी अनुमति तक नहीं ली थी। उन्होंने कहा कि मॉल ने इस बारे में मुंबई महानगरपालिका की ओर से जारी की गई एनओसी की शर्तो का भी उल्लघंन किया था। इसलिए हमने मॉल के मालिक व अस्पताल के प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उन्होंने कहा कि जैसे जांच आगे बढ़ेगी वैसे ही नए सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ और धाराए लगाई जाएंगी। अस्पताल फिलहाल अंशकालिक अनुमतियों के आधार पर चल रहा है, जो 31 मार्च 2021 को खत्म हो रही है। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया है कि उन्होंने अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन नहीं किया है। वे सभी नियमों का पालन कर रहे थे। गौरतलब है कि मॉल मालिक व मॉल के गाला मालिकों के बीच कानूनी विवाद चल रहा है। जिसके मद्देनजर नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल ने प्रशासक की नियुक्ति भी की है।
Created On :   27 March 2021 6:08 PM IST