- Home
- /
- एक साथ तीन मकानों में लगी आग, भारी...
एक साथ तीन मकानों में लगी आग, भारी नुकसान

डिजिटल डेस्क, धारणी (अमरावती)। धारणी शहर के होली चौक परिसर निवासी मालवीय परिवार के तीन मकानों में गुरुवार की रात 8 बजे के दौरान भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आग शॉर्टसर्किट से लगने का अनुमान लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक शहर के होली चौक परिसर निवासी प्रदीप मूलचंद मालवीय और जगदीश मगनलाल मालवीय का पुश्तैनी मकान है। परिवार का खेती का व्यवसाय है। गुरुवार रात 8 बजे के दौरान अचानक प्रदीप मालवीय के मकान को आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और उनके मकान से सटकर स्थित जगदीश मालवीय तथा महेश मगनलाल मालवीय के मकान को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
चौराहे पर मकान रहने से परिसर में काफी अफरातफरी मच गई। नागरिकों की भीड़ भी घटनास्थल पर जमा हो गई। सभी ने आग को काबू में करने के प्रयास में जुट गए। घटना की जानकारी नगर पंचायत के दमकल विभाग को दी गई लेकिन दमकल विभाग की गाड़ी खराब रहने से आग तेजी से बढ़ती चली गई। घटनास्थल से 300 मीटर की दूरी पर नगर पंचायत कार्यालय रहने के बावजूद किसी तरह अग्निशमन दल घटनास्थल पहुंचा और आग को नियंत्रित करने के प्रयास किया गया। मकान में लाखों रुपए का अनाज व अन्य साहित्य रखा हुआ था। समाचार लिखे जाने तक आग को काबू में करने के प्रयास जारी थे। इस आग से 30 लाख से अधिक रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
चाेरी करने के बाद घर में लगा दी आग
जमीर काॅलोनी परिसर में बुधवार 1 जून की रात के दौरान अज्ञात चोरों ने एक ताला बंद घर में चोरी करने के बाद घर में आग लगा दी। चोरी की घटना देर रात उस समय हुई जब परिसर की बिजली गुल हो गई। घर में आग लगने की बात परिसरवासियोंं के ध्यान में आते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर अपराध दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार जमीर काॅलोनी परिसर निवासी शेख इमरान शेख अमरुल्लाह परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है। कुछ दिनाेंं पूर्व वह परिवार के साथ बाहरगांव गए थे। घर में केवल उनकी वृद्ध मां थी। वह भी बुधवार 1 जून को किसी काम से घर को ताला लगाकर बाहर गई थीं। रात 2 बजे के दौरान जमीर काॅलोनी परिसर की अचानक बिजली गुल हो गई। जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने शेख इमरान के घर का ताला खोलकर घर में प्रवेश किया और चोरी करने के बाद घर को आग लगा दी। तड़के 4 बजे परिसर के एक व्यक्ति को शेख इमरान के घर से धुंआ निकलता दिखाई दिया।
उन्होंने तत्काल इमरान के चाचा को फोन पर इसकी जानकारी दी। परिसरवासियों की मदद से आग बुझाई गई और जब घर में देखा गया तो घर के पीछे का दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था और बेडरूम की अलमारी का दरवाजा भी तोड़ दिया था। जिससे मामला चोरी का होने का संदेह व्यक्त किया गया। शेख इमरान को भी घटना के बारे में समूची जानकारी दी गई तो पता चला कि अलमारी से 45 हजार रुपए चोरी गए है। आग के कारण इमरान के घर में रखे अनेक कीमती साहित्य भी जलकर राख हो गए। शिकायत पर चांदुर बाजार पुलिस ने मामले की जांच आरंभ की है।
Created On :   3 Jun 2022 2:52 PM IST