- Home
- /
- श्रमिक कल्याण बोर्ड के बैंक खाते से...
श्रमिक कल्याण बोर्ड के बैंक खाते से पांच करोड़ गायब

डिजिटल डेस्क,मुंबई। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के कल्याण के लिए बनाए गए श्रमिक बोर्ड के बैंक खाते से पांच करोड़ रुपए के गबन का मामला सामने आया है। जिसको लेकर सहायक श्रम आयुक्त अशोक डोके ने मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में दावा किया गया है कि यह राशि फर्जी चेक व जाली दस्तखत के जरिए गायब की गई है। जिसमें बैंक के अधिकारियों की भी संदिग्ध भूमिका होने की आशंका व्यक्त की गई है।
गुड्स क्लीयरिंग एंड फ़ॉररवर्डिंग एस्टेब्लिशमेंट लेबर बोर्ड के खाते से पांच करोड़ रुपए फर्जी तरीके से निकाले जाने का दावा किया गया है। इस बोर्ड में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए कल्याण निधि जमा की जाती है।बोर्ड ने अपनी राशि बैंक ऑफ बड़ौदा के बचत खाते में जमा की थी। पिछले माह बोर्ड के अकाउंटेंट व सहायक जब बैंक की मस्जिद बंदर शाखा में खाते की पासबुक के अपडेट के लिए गए तो यह देखकर हैरान रह गए कि खाते से पांच करोड़ 6 लाख रुपए गायब हैं। बोर्ड के अकाउंटेंट ने वरिष्ठों को इस बात की जानकारी दी।
पुलिस की शुरुआती छानबीन के दौरान पाया गया है कि 7 जनवरी 2021 से 2 मार्च 2021 के बीच खाते से अनाधिकृत लेन देन हुआ है। जबकि बोर्ड की ओर से इस लेन देन के लिए कोई चेक नहीं जारी किया गया है। जो दर्शाता है कि इस मामले में फर्जी चेक का इस्तेमाल किया गया है। कुल आठ फर्जी चेक का इस्तेमाल किया गया है। जिसमें फर्जी दस्तखत किए गए हैं। आर्थिक अपराध शाखा से जुड़े एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक फर्जी चेक के जरिए निकली गई राशि मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न शाखाओं में स्थानांतरित की गई है। जिन लोगों के खाते में रकम भेजी गई है, उन्हें भी एफआईआर में आरोपी बनाया गया है। यह रकम अलग अलग फर्म में जमा की गई है।शिकायत में दावा किया गया है कि बैंक के अधिकारियों ने इस मामलों में नियमों का पालन नहीं किया है। जिसके तहत चेक की प्रमाणिकता तक को नहीं परखा गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406,409,420,424,467,468,471 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच में जुटी है। अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
Created On :   10 April 2021 6:49 PM IST