- Home
- /
- भैंस के हमले में सूचना आयुक्त सहित...
भैंस के हमले में सूचना आयुक्त सहित पांच घायल

डिजिटल डेस्क, अमरावती। कांग्रेस नगर स्थित सरकारी दूध डेयरी परिसर में अफरातफरी की स्थिति दिखाई दी। एक आवारा भैंस ने परिसर में घुसकर आक्रामकता के साथ उत्पात मचाया। भैंस के इस आक्रामक हमले में कार्यालय के सूचना आयुक्त विजय सिन्हा के साथ ही पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय रिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार दोपहर 2 बजे पर कार्यालय परिसर में एक भैंस घुस आई। कार्यालय के सुरक्षा कर्मियोंं तथा कर्मचारियों ने इस भैंस को कार्यालय परिसर से बाहर निकालने का प्रयास किया। तभी लोगों की भीड़ को देख भैंस आक्रामक हो गई और लोगों पर हमला करने लगी। खुद को भीड़ से बचाने के लिए भैंस सूचना आयुक्त के कार्यालय में घुस गई और उन्हें टक्कर मार दी। भैंस के बढ़ते उत्पात को देखते हुए पशु वैद्यकीय विभाग को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद पशु विभाग के दल ने सरकारी दूध भवन कार्यालय में पहुंचकर उत्पात मचा रही भैंस को करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद नियंत्रित कर मनपा द्वारा संचालित गौशाला केंद्र रवाना किया।
पशु विभाग के दल ने टैंगलाइन गन का उपयोग करते हुए भैंस को बेहोश किया। जिसके बाद कार्यालय के कर्मचारियों में संतोष जनक स्थिति देखी गई। भैंस द्वारा किए गए हमले में घायल होने वाले 6 लोगों में एक महिला कर्मचारी का भी समावेश है। किसी कार्यालयीन इमारत में आवारा पशु के घुसने का यह दूसरा मामला है। गत वर्ष नवंबर में बंदरों के एक झुंड ने सुरक्षा महामंडल कार्यालय में घुसकर इसी तरह उत्पात मचाया था। उस समय वन विभाग और पशु विभाग के दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बंदरों को बाहर निकाला था।
Created On :   9 March 2022 2:21 PM IST