- Home
- /
- मुंबई की भायखला जेल में 81 महिला...
मुंबई की भायखला जेल में 81 महिला कैदी बीमार, खराब पानी से तबीयत बिगड़ी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भायखला जेल में बंद 81 महिला कैदियों और कैदी के एक चार महीने के बच्चे को अचानक तबीयत खराब होने के चलते जेजे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। शुक्रवार सुबह महिला कैदियों ने अचानक नाश्ते के बाद उल्टी, दस्त और पेटदर्द की शिकायत की। जेल में डॉक्टरों ने जांच की जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। खबर लिखे जाने तक अस्पताल में भर्ती सभी महिला कैदियों की हालत स्थित थी।
महिला कैदियों ने सुबह साढ़े ग्यारह बजे परेशानी की शिकायत की। शुरूआत में करीब 30 कैदियों ने शिकायत की थी लेकिन धीरे-धीरे यह संख्या 82 तक पहुंच गई। शुरूआती जांच के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि दूषित पानी पीने के चलते कैदियों की तबीयत खराब हुई है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की असली वजह बताई जा सकेगी। भायखला जेल में 300 से ज्यादा महिला कैदी हैं। शीना बोरा हत्याकांड की आरोपी इंद्राणी मुखर्जी भी इसी जेल में बंद हैं। हालांकि उन्होंने किसी तरह की परेशानी की शिकायत नहीं की है।
इंस्पेक्टर जनरल पुलिस (कारागृह) राज्यवर्धन सिंह के मुताबिक तीन दिन पहले एक पुरुष कैदी को कालरा की शिकायत के बाद दवा दी गई थी। इसके बाद जेल में कालरा फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी कैदियों की जांच कर उन्हें दवा दी गई थी। शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में महिला कैदियों ने उल्टी और पेटदर्द की शिकायत की। जेल में बंद किसी पुरुष कैदी या जेल कर्मचारी ने तबीयत खराब होने से जुड़ी कोई शिकायत नहीं की है। जेजे अस्पताल के डीन मुकुंद तायडे के मुताबिक सभी मरीजों की हालत स्थिर है। बीमारी की वजह के बारे में छानबीन की जा रही है।
Created On :   20 July 2018 2:35 PM IST