- Home
- /
- पांच करोड़ की कोकीन की तस्करी के...
पांच करोड़ की कोकीन की तस्करी के आरोप में विदेशी महिला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कस्टम विभाग ने पांच करोड़ रुपए की कोकीन की तस्करी के आरोप में 50 वर्षीय विदेशी महिला को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला इथियोपियन एयरलाइंस की जहाज से आदिस अबाबा से मुंबई पहुंची थी। महिला मूल रूप से सिएरा लिओन की रहने वाली है। पकड़ी गई महिला का नाम बिंटू जानेह है। गुप्त सूचना के आधार पर उसे रोककर सामान की तलाशी ली गई। पर्स की तलाशी के दौरान उसमें आधा किलो कोकीन बरामद हुई। महिला ने बताया कि यह कोकीन उसे हवाई अड्डे पर ही किसी और व्यक्ति को सौंपनी थी।
महिला ने बताया कि वह गरीब परिवार की है। उसे एक व्यक्ति ने पैकेट मुंबई एयरपोर्ट पर मिलने वाले अपने भाई को सौंपने को कहा था। बदले में उसे कमीशन देने का वादा किया गया था। महिला के मुताबिक वह उस व्यक्ति को नहीं पहचानती जो पैकेट लेने आने वाला था। पूछताछ के बाद कस्टम विभाग ने शुक्रवार को एनडीपीएस कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके अलावा कस्टम विभाग ने मुंबई एयरपोर्ट पर साढ़े चार किलो से ज्यादा सोने की तस्करी की कोशिश के तीन मामलों का भंडाफोड़ किया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सोने की कीमत करीब दो करोड़ रुपए है। आरोपियों ने शारजाह से कालीकट के रास्ते मुंबई पहुंची फ्लाइट में टॉयलेट सीट के नीचे सोना छिपा रखा था। इसके अलावा कपड़े में तरल सोना छिपाकर तस्करी के दो मामलों को भी पकड़ा गया है।
Created On :   20 Aug 2022 7:35 PM IST