- Home
- /
- विदेशी हैकर ने ई-मेल हैक कर कंपनी...
विदेशी हैकर ने ई-मेल हैक कर कंपनी को लगाया 44 लाख का चूना, साइबर सेल कर रही जांच

डिजिटल डेस्क, नागपुर। साइबर क्राइम की घटनाएं इतनी तेजी से बढ़ रही है कि आए दिन लोग इसका शिकार हो रहे हैं। एक विदेशी हैकर ने ई-मेल हैक कर कंपनी को लाखों रुपए से चूना लगाया है। घटित प्रकरण को मैक्सिको से अंजाम दिया गया है। इस बीच सदर थाने में प्रकरण दर्ज कर इसे साइबर सेल की मदद से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
एल. बी. इंडस्ट्रीट नामक कंपनी विदेश से माल-आयात और निर्यात करती है। 1 से 30 अगस्त 2018 के बीच में पेरू नामक देश से उनका लकड़ी का माल आने वाला था। इस बीच कंपनी से एल. बी. कंपनी ने माल खरीदा था। उसी कंपनी के नाम से एल. बी. कंपनी को ई-मेल आया था। मेल में बताया गया था कि पेरू से उनका माल रवाना हुआ है। लिहाजा लेन-देन क्लियर किया जाए। इसके लिए बैंक का खाता नंबर भी दिया गया था। लिहाजा माल रवाना होने से 58 हजार यूएस डॉलर उक्त खाते से जमा किए गए हैं। भारतीय चलन के अनुसार यह रकम 44 लाख रुपए है।
रकम जमा करने के बाद फिर से माल भेजने वाले व्यक्ति से एल. बी. कंपनी की तरफ से संपर्क किया गया। उन्हें बताए गए बैंक खाते में रकम जमा करने की जानकारी दी गई थी। इससे उस व्यक्ति का कहना था कि उसने तो उन्हें कोई बैंक खाता नंबर बताया ही नहीं है। इससे लाखों रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। घटित प्रकरण के तत्काल बाद ही मामले की शिकायत की गई थी। प्रकरण को जांच में रखा गया था। जांच के दौरान धोखाधड़ी की पुष्टि होने से शनिवार को प्रकरण दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से इसे सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर अमेरिकी डालर सहित पकड़ाया आरोपी
एक मामले में अपराध दर्ज होने के बाद 24 घंटे के भीतर अपराध शाखा पुलिस की यूनिट 1 ने एक चोर को धरदबोचा। आरोपी का नाम समैत उर्फ पोंगा संतोष दाभणे (19), संत तुकडोजी नगर, सुभाष नगर निवासी है। समैत बहुत ही शातिर चाेर है। पुलिस ने इसे अमेरिकन डाॅलर के साथ दबोचा है। आरोपी से करीब 1 लाख 37 हजार रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   1 Oct 2018 2:17 PM IST