नहीं रहे भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह

Former BJP MLA Sardar Tara Singh is no more
नहीं रहे भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह
नहीं रहे भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  भाजपा के पूर्व विधायक सरदार तारा सिंह का शनिवार को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। सिंह का लंबे समय से लीलावती अस्पताल में इलाज चल रहा था। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सोमैया ने कहा कि सिंह कोरोना संक्रमित नहीं थे। वे अपनी पुरानी बीमारियों के कारण बेहद कमजोर हो गए थे। सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत मुंबई मनपा में नगरसेवक के रूप में की थी। सिंह साल 1984 से 1999 तक मुंबई मनपा के नगरसेवक थे। इसके बाद साल 1999 से 2019 तक लगातार चार बार विधानसभा में मुलुंड निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

राज्य में भाजपा सरकार के समय सिंह नांदेड़ के तख्त सचखंड श्री हजूर अबचल नगर साहिब गुरुद्वारा के अध्यक्ष थे। हालांकि बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कहने पर सिंह ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ज्यादा आयु के चलते सिंह को टिकट नहीं दिया था। सिंह के निधन पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। राज्यपाल ने कहा कि सिंह लोकप्रिय नेता और समाजसेवक थे। उनके निधन से राज्य ने एक सच्चा लोकसेवक को खोया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सिंह ने लगातार 40 साल तक जनप्रतिनिधि के रूप में काम किया। उनके कामों के कारण उन्हें जनता ने कार्यसम्राट की उपाधि दी थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि सिंह ने जनप्रतिनिधि और भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में सदैव समाज सेवा में अपने आप को झोंक दिया था। 

Created On :   19 Sept 2020 7:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story