- Home
- /
- जानलेवा हमले में कुरखेड़ा के पूर्व...
जानलेवा हमले में कुरखेड़ा के पूर्व उपसभापति दुनेकर घायल

डिजिटल डेस्क, कुरखेड़ा (गड़चिरोली) । तहसील के गोठणगांव क्रासिंग पर शनिवार की रात 8 बजे के दौरान कुरखेड़ा पंचायत समिति के पूर्व उपसभापति व पत्रकार मनोज दुनेदार पर चार लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल होने से उन्हें यहां के उपजिला अस्पताल मंे भर्ती करवाया गया है। मामले की शिकायत के बाद शहर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन आरोपी फरार बताए गए हंै। गिरफ्तार आरोपी का नाम कुरखेड़ा निवासी शावेज उर्फ सोनू आजम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोठणगांव के पास मनोज दुनेदार ने अपने खेत में एक गौशाला बनायी है। इस गौशाला की देखरेख के लिए एक परिवार को रखा है। शनिवार की रात रामगढ़ से कुरखेड़ा लौटते समय मनोज अपनी गौशाला पहुंचे। इस दौरान रात करीब 8 बजे के दौरान कुछ व्यक्ति गौशाला की रखवाली कर रहे परिवार के साथ विवाद कर रहे थे। इस विवाद को रोकने पहुंचे मनोज के साथ भी हमलावरों ने गालीगलौज की। साथ ही लाठियों और चाकू से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गये। मनोज को अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवायी गयी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी सोनू आजम को गिरफ्तार किया। इस मामले में आरोपी कुरखेड़ा निवासी निकेश मेश्राम, अरबाज खान और मुकेश कराडे घटनास्थल से फरार बताए गये हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 395, 307, 147, 148, 149 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी साहिल झरकर और थानेदार अभय आष्टेकर के मार्गदर्शन में शुरू है।
Created On :   30 May 2022 6:52 PM IST