- Home
- /
- समृद्धि महामार्ग से पौने चार लाख का...
समृद्धि महामार्ग से पौने चार लाख का माल उड़ाया

डिजिटल डेस्क, अमरावती। ग्रामीण क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं का सिलसिला तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी तरह निर्मित हो रहे समृद्धि महामार्ग को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपए की कीमती सामग्री चोरी कर फरार होने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक वाघोडा वाई से सेलू नाटवा गांव से समृद्धि महामार्ग का निर्माणकार्य किया जा रहा है, लेकिन सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने इस परिसर में दाखिल होकर 30 मीटर कैनल साइड, 100 मीटर के एंगल व अन्य कीमती सामग्री चोरी कर फरार हो गए। इसकी कीमत 3 लाख 41 हजार रुपए बताई गई है। घटना में चोरों की टोली का समावेश होने का संदेह जताया जा रहा है। संबंधित ठेकेदार राकेश पांडे ने नांदगांव खंडेश्वर पुलिस थाने में इसकी शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
घर से उड़ाए 1.47 लाख के जेवरात : चांदुर बाजार थाना क्षेत्र के गोकुलधाम निवासी जयंत माणिकराव टिक्कस 30 जुलाई को अमरावती आए हुए थे। मंगलवार की सुबह जब वापस घर लौटे तो दरवाजा खुला दिखाई दिया। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात आरोपी ने अलमारी से सोने व चांदी के जेवरात तथा 15 हजार रुपए नकद इस प्रकार कुल 1 लाख 47 हजार रुपए के माल पर हाथ साफ कर फरार हो गए। जयंत टिक्कस की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
Created On :   3 Aug 2022 12:57 PM IST