करंट से वन्य प्राणियों के शिकार का प्रयास करनेवाले चार गिरफ्तार

Four arrested for trying to hunt wild animals with current
करंट से वन्य प्राणियों के शिकार का प्रयास करनेवाले चार गिरफ्तार
गोंदिया करंट से वन्य प्राणियों के शिकार का प्रयास करनेवाले चार गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील के गोठनगांव वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम परसटोला में रात्रि के समय गश्त करते समय वन विभाग के कर्मचारियों को संरक्षित वन कक्ष क्र. 753 में जंगल एवं खेतों से सटे क्षेत्रों में वन्यप्राणियों का शिकार करने के लिए विद्युत करंट प्रवाहित तार लगे दिखाई पड़े।  इसकी जानकारी तत्काल केशोरी स्थित महावितरण कार्यालय को देकर उस क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति खंडित की गई। घटनास्थल पर पाई गई चार साईकिलों की पहचान के आधार पर 2 फरवरी को परसटोला निवासी आरोपी श्रीराम धुर्वे को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान उसके पास से 4 किलो सेंट्रींग तार, 53 नग बांस की खुटियां, 1 हेड टॉर्च एवं 4 साईकिले जप्त की गई। आरोपी के खिलाफ अवैध रूप से विद्युत प्रवाहित तार का उपयोग कर करंट द्वारा वन्यजीवों का शिकार करने का प्रयास करने के आरोप में वन विभाग ने अपराध दर्ज किया है। पुछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य तीन साथियों के नाम भी बताए। जिसके बाद 8 फरवरी को अन्य तीन आरोपी परसटोला निवासी अरविंद कुलमेथे, पंकज उईके एवं हेमंत हातझाडे को गिरफ्तार कर अर्जुनी मोरगांव के प्रथम श्रेणी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने पहले आरोपी को एक दिन की कस्टडी तथा अन्य तीन आरोपियों को 21 फरवरी तक न्यायालयीन हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। जिसके बाद आरोपियों को भंडारा जेल रवाना कर दिया गया है। यह कार्रवाई नवेगांवबांध के सहायक वन संरक्षक दादा राऊत के मार्गदर्शन में गोठनगांव के वन परिक्षेत्र अधिकारी विजय तेलंग राजोली के क्षेत्र सहायक आर.एम. पारीसे, वनरक्षक अक्षय दाभाडे, उमेश कालसर्पे, सिंधु चौधरी, भारती लटे, वैशाली मेश्राम ने की है। मामले की जांच वन विभाग द्वारा जारी है। 
 

Created On :   11 Feb 2023 5:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story