हथियार तस्करी: मध्यप्रदेश से जुड़े हैं तार, 4 और गिरफ्तार

four more accused arrested in Arms smuggling in  Maharashtra
हथियार तस्करी: मध्यप्रदेश से जुड़े हैं तार, 4 और गिरफ्तार
हथियार तस्करी: मध्यप्रदेश से जुड़े हैं तार, 4 और गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,नागपुर।  हथियार तस्करी प्रकरण में मध्यप्रदेश से लिंक मिली है। प्रकरण में पांचपावली पुलिस ने 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी निखिल उर्फ निक्कू गजेंद्रसिंह महरोलिया, लष्करीबाग नया नकाशा और मनोज लक्ष्मणसिंह महरोलिया लष्करीबाग निवासी को नागपुर से गिरफ्तार किया है,जबकि आरोपी अमन अरुण बाल्मीकि अौर शुभम उर्फ शुब्बू विनोदकुमार रायकवार, इतवारी टोरी, सागर, मध्यप्रदेश निवासी को भोपाल से एक नाश्ते की दुकान पर नाश्ता करते समय पांचपावली पुलिस ने धरदबोचा। इन चारों आरोपियों से एक पिस्टल बरामद की गई। पुलिस इससे पूर्व इस प्रकरण में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन चार आरोपियों को पकड़ने के बाद अब आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

मध्यप्रदेश से खरीदते माल
पांचपावली पुलिस ने आरोपी सिकंदर उर्फ सोनू खान, सद्दाम खान, मोहिब खान, सलमान खान व प्रजोत उर्फ सन्नी चव्हाण को हथियार तस्करी के आरोप में पहले ही धरदबोचा था। इन आरोपियों से 5 पिस्टल और 23 जीवित कारतूस और 7 मैगजीन बरामद की गई थीं। इन चारों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने यवतमाल निवासी प्रजोत उर्फ सन्नी चव्हाण को गिरफ्तार किया था।  इन आरोपियों ने पूछताछ में हथियार सागर, मध्यप्रदेश निवासी अमन और शुब्बू से खरीदने जानकारी दी थी। इनकी निशानदेही पर पुलिस जब अमन और शुब्बू की तलाश में सागर पहुंची तो यह दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन बंद थे।  पुलिस ने अमन की फेसबुक से फोटो निकाला। उसके आधार पर अमन की खोजबीन शुरू की। इस बीच पुलिस को पता चला कि अमन के साथ शुब्बू भी हथियार तस्करी में लिप्त है। पुलिस ने शुब्बू के मोबाइल का लोकेशन पता किया तो वह सागर से करीब 200 किलोमीटर दूर भोपाल पहुंच चुके थे। पांचपावली पुलिस ने भोपाल में आरोपी अमन और शुब्बू उर्फ शुभम को धरदबोचा। यह दोनों फुटपाथ पर एक दुकान मेंे नाश्ता कर रहे थे।

निखिल और मनोज से थी अमन और शुब्बू की पहचान 
आरोपी निखिल और मनोज के मार्फत अमन और शुब्बू नागपुर में हथियारों की तस्करी करते थे। अमन और शुब्बू ने ही आरोपी सिकंदर उर्फ सोनू खान, सद्दाम खान, मोहिब खान, सलमान खान से जान-पहचान कराई थी। अमन और शुब्बू पिस्टल कहां से खरीदते थे, इस बारे में पुलिस आरोपी अमन और शुब्बू से पूछताछ कर रही है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी से हथियारों की बड़ी तस्करी का खुलासा होने की संभावना पुलिस ने जताई है।   
 

Created On :   21 Feb 2018 11:23 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story