उद्योग क्षेत्र में अपार संभावनाएं, पांच साल में विदर्भ में कई नामी कंपनियां स्थापित होंगी : सीएम फडणवीस

French companies have a golden opportunity to invest in Vidarbha say cm devendra fadnavis
उद्योग क्षेत्र में अपार संभावनाएं, पांच साल में विदर्भ में कई नामी कंपनियां स्थापित होंगी : सीएम फडणवीस
उद्योग क्षेत्र में अपार संभावनाएं, पांच साल में विदर्भ में कई नामी कंपनियां स्थापित होंगी : सीएम फडणवीस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि विदर्भ में निवेश के लिए फ्रेंच कंपनियों के पास यह सुनहरा अवसर है। आने वाले 5 साल के बाद उन्हें ऐसा मौका नहीं मिलेगा। इसलिए भारत-फ्रांस औद्योगिक सहयोग का नया पर्व विदर्भ से शुरू करें। देश में विदर्भ तथा प्रमुख रूप से नागपुर का भौगोलिक स्थान विशेष है। मध्य भाग में होने के कारण देश के सभी क्षेत्रों से इसकी दूरी लगभग समान है। नागपुर व विदर्भ के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जा रहा है। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे व अन्य औद्योगिक शहरों की तरह नागपुर में भी उद्योग क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।

आने वाले 5 वर्षों में विदर्भ तथा नागपुर में कई नामी कंपनियां स्थापित होंगी। वे होटल रेडिसन ब्ल्यू में इंडो-फ्रांस चेंबर ऑफ कॉमर्स व महाराष्ट्र सरकार द्वारा आयोजित ‘इंडो-फ्रेंच इंवेस्टमेंट समिट-कॉनक्लेव’ में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में 20 हजार किलोमीटर का महामार्ग बनाया गया है। इसका फायदा राज्य भर को होगा। सिंदी के ड्रायपोर्ट द्वारा देश की प्रमुख औद्योगिक शहरें जोड़ी जाएंगी। इससे उद्योगों को गति मिलेगी। इसमें कृषि पूरक उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

सभी दृष्टि से समृद्धि महामार्ग उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि ड्रायपोर्ट व समृद्धि महामार्ग के कारण मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। विदर्भ के उद्योगों को देश में सबसे कम दर पर बिजली दी जा रही है। इसी पृष्ठभूमि पर विदर्भ के उद्योग क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आकर भारत-फ्रांस औद्योगिक सहयोग का नया पर्व शुरू  करें। इंडो फ्रेंच चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (IFCCI) ने फ्रांस के दूतावास के सहयोग से 2 नवंबर को नागपुर में इंडो-फ्रांसीसी निवेश सम्मेलन का पहला संस्करण आयोजित किया। भारत में फ्रांस के राजदूत अलेक्जेंडर जिग्लर ने इंडो-फ्रेंच कंपनियों के सौ से अधिक नेताओं के सम्मेलन में प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। 

नागपुर एयरपोर्ट का होगा विकास
फडणवीस ने कहा कि नागपुर हवाई अड्डे का भी  विकास किया जाएगा। यहां ‘कार्गो’ के लिए स्वतंत्र व्यवस्था तैयार की जाएगी। नागपुर एयरपोर्ट को मुंबई एयरपोर्ट से भी अच्छा बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी के लिए फ्रांस बड़े प्रमाण में सहयोग कर रहा है। ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में भी महाराष्ट्र अग्रसर है। देश को 23वें नंबर पर लाने में सर्वाधिक योगदान महाराष्ट्र का रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के लिए फ्रांस का हमेशा स्वागत है। फ्रांस नागपुर व विदर्भ के उद्योग क्षेत्र में निवेश करें। सहयोग के इस नए पर्व की यह केवल शुरुआत है। कार्यक्रम में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, फ्रांस के राजदूत अलेक्जेंडर जिंग्लर, इंडो-फ्रांस चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष यांग आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में भारत व फ्रांस के बीच विविध औद्योगिक क्षेत्र के 12 सामंजस्य करार पर हस्ताक्षर किए गए। 

Created On :   3 Nov 2018 11:50 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story