- Home
- /
- चार नगर पंचायतों के लिए 14 करोड़ की...
चार नगर पंचायतों के लिए 14 करोड़ की निधि आवंटित

डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिले की चार नगरपंचायतों को राज्य सरकार की ओर से मुलभूत विकास कार्यों तथा स्वच्छता व जलापूर्ति तथा विद्युतीकरण से जुड़े कार्यों के लिए हर एक को साढ़े 3 करोड़ रुपए की सहायता दी गई है। यह 15 वें वित्तीय आयोग के तहत प्राप्त होनेवाली कुल राशि की अंतिम किश्त बताई जा रही है। इसके पहले हर नगरपंचायत को 12 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। यह राशि जिला प्रशासन के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
जिले की चार नगरपंचायतों में भातकुली, धारणी, तिवसा व नांदगांव खंडेश्वर का समावेश है। चार नगरपंचायतों में से भातकुली व तिवसा नगरपंचायताें में हालही में चुनाव संपन्न हुए हैं। जबकि नांदगांव खंडेश्वर व धारणी नगरपंचायत में नियमों का उल्लंघन पाए जाने के कारण चुनाव टाल दिए गए थे। इन दोनों ही नगरंपचायतों में प्रशासक नियुक्त किए गए हैं। इसके बावजूद स्थानीय कार्यों में बाधा निर्माण न हो इसके लिए निधि का वितरण किया गया है। चुनाव आयोग की ओर से जल्द ही यहां एक बार फिर से चुनावी प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।
जानकारंी के अनुसार इन चारों ही नगरपंचायतों में मुख्यतौर पर स्वास्थ्य संबंधित ढांचे को मजबूत बनाने के लिए इस राशि का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा सौर संचालित पथदीप लगाए जाने की महत्वकांक्षी योजना को भी पूरा किए जाने की बात कही जा रही है। इस राशि के उपयोग को लेकर विभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा एक मार्गदर्शक मंडल भी तय किया गया है। जिसके पास निकाय संस्थाओं को प्रत्येक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। इस राशि के उपयोग को लेकर निरीक्षण का जिम्मा भी विभागीय आयुक्त कार्यालय को सौंपा गया है।
Created On :   9 Feb 2022 1:04 PM IST