बाघ का एक और शिकारी गिरफ्तार

gadchiroli in  another tiger hunter arrested
बाघ का एक और शिकारी गिरफ्तार
अब तक 3 पकड़ाए बाघ का एक और शिकारी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, अहेरी (गड़चिरोली)। तहसील के ग्राम मौसम से सटे नाले परिसर में बाघ का शिकार कर दफनाने के मामले में वनविभाग की टीम ने  पुन: एक शिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी तेलंगाना राज्य के कुमरीमभीम तहसील के ग्राम दिगड़ा से की गयी है। आरोपी का नाम कांताराव उर्फ श्रीकांत जोगय्या पोरचेटी (25) बताया गया है। उसे आगामी 10 दिनों तक वन हिरासत में रखने के आदेश अहेरी कोर्ट ने दिए हैं। श्रीकांत की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 3 पर पहुंच गयी है।

 बता दें कि, बाघ के इस शिकार के मामले के तार तेलंगाना और आंध्रप्रदेश राज्य से जुड़े होने के कारण मुख्य वनसंरक्षक डा. किशोर मानकर, आलापल्ली के उपवनसंरक्षक राहुल सिंह तोलिया के मार्गदर्शन में वन अधिकारियों की कुल तीन टीमों का गठन किया गया। इन टीमों को तेलंगाना, आंध्रप्रदेश राज्य के विभिन्न इलाकों में भेजा गया है। घटना के 24 घंटे बाद ही गिरफ्तार किए गए मौसम गांव निवासी रघु पुल्ला गेडाम (56) और लक्ष्मण बुधा वेलादी (38) से कड़ी पूछताछ की जा रही है। उनसे मिल रही गुप्त जानकारी के आधार पर जांच के लिए गठित तीनों टीमों को जानकारी पहुंचायी जा रही है। इसी बीच रविवार को आसिफाबाद जिले के दिगड़ा गांव में एक आरोपी हाेने की गुप्त जानकारी वनाधिकारियों को मिली। जानकारी के आधार पर जाल बिछाकर श्रीकांत पोरचेटी को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की ओर से बाघ का एक नाखून और बाघ की एक मूंछ भी बरामद की गयी है।  रविवार की दोपहर गिरफ्तार आरोपी श्रीकांत को अहेरी कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने आरोपी को आगामी 10 दिनों तक वन हिरासत में रखने के निर्देश दिए हंै। मामले की अधिक जांच सीसीएफ डा. किशोर मानकर, डीसीएफ राहुलसिंह तोलिया के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेश शेरेकर और उनकी टीम कर रही है। 
 
 

Created On :   3 Jan 2022 9:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story