गिरोह सक्रिय , सैलून संचालक से 52 लाख की धोखाधड़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एमबीबीएस में प्रवेश कराने का झांसा देकर लाखों रुपए से चूना लगाने वाला अंतरराज्यीय स्तर पर गिरोह सक्रिय है। शहर का सैलून संचालक बेटी के प्रवेश के चक्कर में गिरोह के चंगुल में फंस गया। उसे 52 लाख रुपए से चपत लगा दी गई। मानकापुर थाने में गिरोह के तीन सदस्यों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी तमिलनाडु के हैं। उन्हें गिरफ्तार करने टीम तमिलनाडु रवाना होने की तैयारी में है।
बेटी को डॉक्टर बनाना चाहता था
झिंगाबाई टाकली स्थित सुमित नगर निवासी ओमप्रकाश वंदेवार (41) सैलून संचालक है। वह अपनी बेटी को डॉक्टर बनाना चाहता था। अपना सपना पूरा करने के लिए उसने जान-पहचान के व्यक्ति की मदद से बेटी का प्रवेश किसी कॉलेज करना चाहता था। उसने यह बात चर्च में कुछ परिचित लोगों से की। उन लोगों के जरिए ओमप्रकाश का एम.विजय कुमार (46), अन्नू सैम्युअल (41) और जैकब थॉमस (54), तीनों तमिलनाडु के वेल्लूर निवासी से मिला।
आरोपियों से वेल्लूर जाकर मिला
ओमप्रकाश बेटी के साथ वेल्लूर भी गया था। उन्हें बेटी के शैक्षणिक दस्तावेज दिए। उन्होंने वेल्लूर के ही क्रिश्चन मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट कोटे से प्रवेेश कराने की हामी भरी, लेकिन इसके लिए उन्होंने लाखों रुपए खर्च बताया। चूंकि, ओमप्रकाश अपना सपना पूरा करना चाहता था, उसने अपनी जमा पूंजी के साथ कुछ लोगों से इसके लिए कर्ज भी लिया। उसने आरोपियों को नकद, चेक और ऑनलाइन कुल 52 लाख रुपए दिए।
पैसे देने के बाद थमाई रसीदें फर्जी निकलीं : आरोपियों ने ओमप्रकाश को पैसे देने के बाद प्रवेश होने की रसीदें थमाईं, लेकिन जब उसने कॉलेज में जाकर पड़ताल की, तो वह रसीदें फर्जी पाई गईं। यह वाकया 4 दिसंबर 2021 से 13 फरवरी 2023 के बीच हुआ। मामला थाने पहुंचा। प्रारंभिक जांच-पड़ताल में पता चला है कि, आरोपियों का गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है। तमिलनाडु सहित और भी शहरों में गिरोह के खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं। इसे गंभीरता से लेकर मानकापुर थाने की टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने तामिलनाडू जाने की तैयारी में है। वरिष्ठ निरीक्षक वैयजंती मांडवधरे के मार्गदर्शन में प्रकरण की जांच-पड़ताल जारी है।
Created On :   15 Feb 2023 12:05 PM IST