- Home
- /
- अदरक की बोरियों में निकला साढ़े 8...
अदरक की बोरियों में निकला साढ़े 8 लाख रु.का गांजा

डिजिटल डेस्क, अमरावती। पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में गांजे का अवैध रूप से यातायात करने की जानकारी समय-समय पर सामने आती रहती है। बुधवार की देर रात स्थानीय राजापेठ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक चारपहिया वाहन की तलाशी लेकर 8.49 लाख का गांजा जब्त किया है। विशेष बात यह थी कि, दो बोरी गांजा अद्रक की 26 बोरियों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान में गांजा तस्करी के इस खेल का खुलासा हुआ है। 2 फरवरी की रात 10 बजे पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई।
राजापेठ पुलिस को सूचना मिली थी कि, एमएच-27, एक्स- 6483 चार पहिया वाहन में गांजा छिपाकर बडनेरा से होते हुए नागपुर भेजा जा रहा है। जिस पर थानेदार मनीष ठाकरे ने शाम 7 बजे से बायपास स्थित कृष्णा मार्बल चौक पर नाकाबंदी की और वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। रात करीब 9.45 बजे के आसपास पुलिस ने अद्रक से लदे वाहन की तलाशी शुरू की। वाहन में चालक और वाहक ने अपनी पहचान विजय रामेश्वर इंगले (38, बोरगांवपेठ) व अमोल रामेश्वर पेटकर (37, विलासनगर) के तौर पर दी। तलाशी में पाया गया कि, अद्रक की 26 बोरियों के बीच में गांजे की दो बोरियां रखी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.80 लाख रुपए की अद्रक व 8.49 लाख रुपए का 42 किलो 480 ग्राम गांजा साथ ही 7 लाख रुपए का वाहन इस प्रकार कुल 17 लाख 29 हजार रुपए का माल जब्त किया है।
आरोपी चार दिन की पुलिस हिरासत में
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को गुरुवार की दोपहर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 7 फरवरी तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं। यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस आयुक्त डा. आरती सिंह, उपायुक्त विक्रम साली, सहायक आयुक्त भारत गायकवाड़ के मार्गदर्शन में राजापेठ के थानेदार मनीष ठाकरे, उपनिरीक्षक किसन मापारी, सागर सरदार, छोटेलाल यादव, निलेश गुल्हाने, दिनेश बिसे, विकास गुडधे, प्रशांत गिरडे, नरेश मोहरी, दानिश शेख, मोहसीन शेख और प्रशांत वानखडे के दल ने की।
Created On :   4 Feb 2022 1:12 PM IST