- Home
- /
- आइस कोल्ड स्टोरेज में गैस रिसाव से...
आइस कोल्ड स्टोरेज में गैस रिसाव से अफरा-तफरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाठोड़ा रिंग रोड स्थित चिराग आइस कोल्ड स्टोरेज में गंभीर हादसा होते-होते बचा। दरअसल, मामला गैस के रिसाव से जुड़ा है। किसी शरारती तत्व ने इस कोल्ड स्टोरेज में जहां से अमोनिया गैस होकर गुजरती है, उस पाइप का वाल्व खोल दिया। अमोनिया गैस का तेजी से रिसाव हुआ। हंगामा तब मचा, जब पास की बस्ती में लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। लोगों ने पता किया तो मालूम हुआ कि कोल्ड स्टोरेज से उक्त गैस का रिसाव तेजी से हो रहा है। अनहोनी की आशंका को भाप शीघ्र ही दमकल विभाग को किसी ने सूचना दी, मगर दमकलकर्मियों के पहुंचने के पहले ही बस्ती के लोगों ने वाल्व को बंद कर दिया गया जिससे भीषण हादसा टल गया है। यह कोल्ड स्टोरेज मलहोत्रा नामक किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है। पहले यहां पर बर्फ बनता था। अब इसे कोल्ड स्टोरेज में तब्दील कर दिया गया है। कोल्ड स्टोरेज से लगकर घनी बस्तियां होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग भयभीत होकर इधर-उधर होते रहे।
अमोनिया के बारे में जानें
ज्यादा मात्रा में अमोनिया सूंघने पर जान जा सकती है। अमोनिया एक तीक्ष्ण गंध वाली रंगहीन गैस है। यह हवा से हल्की होती है। इसका वाष्प घनत्व 8.5 है। यह जल में घुलनशील है। अमोनिया के जलीय घोल को लिकर अमोनिया कहा जाता है। यह क्षारीय होता है। प्रयोगशाला में अमोनियम क्लोराइड तथा बुझे हुए सूखे चूने के मिश्रण को गर्म करके अमोनिया गैस तैयार की जाती है। यूरिया, अमोनियम सल्फेट, आदि रासायनिक खादों को बनाने में अमोनिया का उपयोग किया जाता है। बर्फ के कारखाने में शीतलक के रूप में भी अमोनिया का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा लिकर अमोनिया का उपयोग कपड़ों से तेल ग्रीज आदि के दाग को छुड़ाने के लिए किया जाता है। अमोनियम कार्बोनेट बनाने में भी इसका उपयोग किया जाता है। पब्लिक एरिया में यह जानलेवा बन जाता है।
Created On :   25 April 2019 10:34 AM IST