लोकसभा चुनाव में रक्षा खडसे की जगह पत्नी के लिए उम्मीदवारी चाहते हैं महाजन

Girish Mahajan wants candidature for wife from Lok Sabha seat
लोकसभा चुनाव में रक्षा खडसे की जगह पत्नी के लिए उम्मीदवारी चाहते हैं महाजन
लोकसभा चुनाव में रक्षा खडसे की जगह पत्नी के लिए उम्मीदवारी चाहते हैं महाजन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे और उनके गृह जिले से आने वाले राज्य के जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन के बीच शीतयुद्ध और तेज होने वाला है। नाशिक व जलगांव मनपा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री के करीबी महाजन का पार्टी में कद बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार आगामी लोकसभा चुनाव में महाजन खडसे की बहु सांसद रक्षा खडसे की जगह पर रावेर लोकसभा सीट से अपनी पत्नी साधना महाजन को उम्मीदवारी दिलाना चाहते हैं। साधना फिलहाल जामनेर की नगराध्यक्ष हैं।

खडसे को पुणे में एमआईडीसी जमीन खरीद मामले के चलते राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उसके बाद राज्य के कई मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे पर पार्टी ने किसी का इस्तीफा नहीं लिया। खडसे मंत्री पद से हटाए जाने के चलते पार्टी से नाराज हैं और गाहे-बगाहे अपनी नाराजगी जाहिर करते रहते हैं। कई मौकों पर उन्होंने सरकार को मुश्किल में लाने की कोशिश की है। विधानसभा में भी वे विपक्षी सदस्यों जैसा व्यवहार करते रहते हैं। इससे वे पार्टी में हासिए पर चल रहे हैं। उत्तर महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने में खडसे का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पर अब मुख्यमंत्री के करीबी राज्य के जलसंसाधन मंत्री महाजन खडसे की कमी को पूरी करते दिखाई दे रहे हैं। 

पार्टी सूत्रों के अनुसार महाजन चाहते हैं कि इस बार रावेर लोकसभा सीट से खडसे की बहु रक्षा खडसे को पार्टी की उम्मीदवारी  न मिले। जलगांव जिले की पांच विधानसभा सीटों में से गिरीश महाजन (जामनेर), संजय सावकारे (भुसावल), हरीभाऊ जावले (यावल) व एकनाथ खडसे (मुक्ताई नगर) भाजपा विधायक हैं जबकि जिले कि चोपडा सीट से शिवसेना के चंद्रकांत सोनवणे विधायक हैं। महाजन की विधानसभा सीट जामनेर रावेर लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है। हाल ही में हुए जामनेर नगर परिषद चुनाव में महाजन को सभी 25 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को जीत दिलाने में सफलता मिली थी। दरअसल जलगांव में गुजर व लेवा पाटील मतदाताओं का वर्चस्व है। साधना महाजन व रक्षा खडसे दोनों गुजर समाज से हैं। 

Created On :   29 Aug 2018 1:40 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story