- Home
- /
- खेलते-खेलते वाहन के नीचे चली गई...
खेलते-खेलते वाहन के नीचे चली गई बालिका, मौके पर ही मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हिंगना क्षेत्र में घर के पास खेल रही डेढ़ वर्षीय बालिका खेलते समय आयशर वाहन के नीचे चली गई। आयशर चालक ने बिना ध्यान दिए वाहन स्टार्ट कर दिया, जिससे बालिका वाहन की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। बालिका का नाम ऋचिता खंडाते है। घटना 10 दिसंबर को सुबह करीब 9 से 9.15 बजे के दरमियान हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वार्ड क्रमांक 1, मौजा धामना अशोक गायकवाड़ के घर के पास सार्वजनिक रोड पर रहनेवाले अनिल भीमराव खंडाते की डेढ़ साल की भतीजी ऋचिता खेल रही थी। खेलते-खेलते वह उनके घर के पास खड़े आयशर वाहन (क्रमांक एम एच- 04 - जे यू- 8057) के नीचे चली गई। किसी का ध्यान नहीं गया। इस दौरान वाहन चालक सुमित धुर्वे (वार्ड क्र. 1, मौजा धामना, हिंगना) ने वाहन स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। वाहन की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद ऋचिता के चाचा अनिल खंडाते की शिकायत पर हिंगना पुलिस ने आरोपी सुमित धुर्वे के खिलाफ धारा 279, 304(अ) का मामला दर्ज कर लिया है।
महापौर हुए पॉजिटिव
डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के प्रथम नागरिक व महापौर संदीप जोशी कोरोना संक्रमित पाए गए। गुरुवार को उन्होंने एक मैसेज के जरिये यह जानकारी दी। महापौर ने कहा कि कोविड-19 से लड़ते-लड़ते आखिरकार 8 महीने बाद बुधवार को जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टरों के मार्गदर्शन में वे अपना उपचार करा रहे हैं। श्री जोशी ने पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों से जांच कराने का आह्वान किया। इससे पहले महापौर दो बार क्वारेंटाइन रहे हैं। उन्होंने अलग-अलग लोगों के संपर्क में आने के बाद खुद को क्वारेंटाइन किया था, लेकिन वे सुरक्षित बाहर आ गए थे। इस बार वे खुद संक्रमण की चपेट में आ गए।
Created On :   11 Dec 2020 11:41 AM IST