- Home
- /
- प्रेमिका को जलाकर अस्पताल पहुंचाया...
प्रेमिका को जलाकर अस्पताल पहुंचाया और हो गया फरार, पुलिस ने दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सदर क्षेत्र के एक फ्लैट में 25 दिसंबर को जली शबनम (परिवर्तित नाम) ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सदर पुलिस ने अब इस प्रकरण में प्रेमी के खिलाफ धारा 302, 201 के तहत मामला दर्ज किया है। बिल्डिंग नं. 22, फ्लैट नं. 12, आकार बिल्डर, बैरामजी टाउन निवासी शादाब आफताब आलम (32) के खिलाफ हत्या कर सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया। रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। उसे 1 जनवरी 2021 तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया गया है।
खुद ही जलाया और खुद ही अस्पताल लेकर पहुंचा
शहर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार का कहना है कि शादाब ने घटना के बारे में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। उसकी यह महिला मित्र उसके ही फ्लैट में जली। वह उसे दोपहिया वाहन से अस्पताल लेकर गया। महिला की सहेली के अस्पताल में आने पर वह उसे छोड़कर लापता हो गया। उसके बाद भी पुलिस को इस बारे में कोई सूचना नहीं दी। घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान परिस्थितियां संदिग्ध मिलीं। जांच के दौरान यह बात पुलिस के सामने आई कि शादाब का शबनम से प्रेम संबंध था। किसी बात को लेकर विवाद हुआ और शादाब ने पेट्रोल डालकर जला दिया। इसके बाद चालाकी से शबनम को शादाब खुद अस्पताल लेकर गया। पुलिस ने उसके कमरे से शबनम की चप्पल, टिफिन बॉक्स व उस बोतल को जब्त किया, जिसमें पेट्रोल था। क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त विनीता साहू के मार्गदर्शन में सदर के थानेदार संतोष बकाल मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना से पहले भेजे कई मैसेज, कॉल भी किए
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के दिन शादाब ने शबनम के मोबाइल पर शाम 4-7 बजे के बीच करीब 10 मैसेज भेजे थे। उसने कई बार फोन किया, जबकि शबनम ने उसे कोई कॉल नहीं किया है। यह खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल निकाला। शादाब के बारे में पता चला है कि वह मूलत: बिहार का रहनेवाला है। वह करीब 12 साल से नागपुर में रह रहा है। नागपुर के एक कॉलेज से आईटी की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह गूगल कंपनी के लिए काम करता है। पहले वह अकेले रहता था। बाद में उसके साथ उसका सगा और चचेरा भाई भी रहने आ गए। घटना के समय शादाब का भाई और चचेरा भाई बाहर गए हुए थे। पुलिस को मौत से शबनम ने बयान दिया था कि वह एक युवक और युवती के विवाद में मध्यस्थता करने की कोशिश कर रही थी। तभी युवती के दोस्त ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया। शबनम ने शादाब को बचाने की कोशिश की।
Created On :   28 Dec 2020 12:58 PM IST