- Home
- /
- बार में डांस करती मिलीं युवतियां,...
बार में डांस करती मिलीं युवतियां, संचालक सहित 15 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जगनाड़े चौक स्थित गणेश नगर के एक बार में पुलिस ने छापा मारकर बार संचालक सहित पंद्रह लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर नकदी, डीजे आदि दो लाख रुपए से भी अधिक का माल जब्त किया गया है। डांस के भीतर कुछ युवतियां डांस कर रही थी। पंद्रह दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
ऊपरी माले पर चल रहा था डांस बार
जानकारी के अनुसार गणेश नगर में पूर्व पार्षद प्रशांत धवड का संग्राम नाम से बियर बार है। अपराध शाखा के दस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि इस बार में डांस बार चलता है। देर रात 12 बजे पुलिस ने बार को घेर लिया। छापामार कार्रवाई के दौरान बार के ऊपरी माले पर डांस बार चल रहा था। जहां पर दो युवतियां फिल्मी गीतों पर अश्लील डांस कर रही थीं। किसी फिल्मी दृश्य की तरह ग्राहक युवतियों पर नोटों की बरसात कर अपने पसंदीदा गीतों की फरमाइश भी कर रहे थे। कार्रवाई से ग्राहकों में भी हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने वहां से भागने का प्रयास भी किया है, लेकिन पुलिस ने पहले ही बार को चारों तरफ से घेर लिया था। बार संचालक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। प्रबंधक और मौजूद ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ग्राहकों में विशाल प्रकाश पटेकर, बादल मधुकर कुराडकर, सचिन यशवंत गौरकर, प्रणय ओमप्रकाश चांडक, अमित गंगाराम लींबानी, स्वप्निल अरुण ढोक, संजय गंगाधर रेवतकर, जितेंद्र सुरेश कुराटकर, राकेश विट्ठलराव मासूरकर, संजय मधुकर सुद्धलकर, अमन दिलीपराव दिडशे, धम्मज्योति प्रकाश भिमटे, रमेश शांताराम मल्लेवार, रवींद्र पांडुरंग हिवराले और किशोर नत्थूजी मांढलकर का समावेश है।
पहले भी सुर्खियों में रहा है बार
अवैध गतिविधियों के चलते यह बार पूर्व में भी सुर्खियों में रहा है। करीब दो-तीन वर्ष पहले उक्त बार में बर्डी के चप्पल विक्रेता की हत्या भी हुई थी। हत्या लावनी में पसंदीदा गीत पेश करने को लेकर हुई थी। उस वक्त बार रात के पौने दो बजे तक भी संचालित किए जाने का खुलासा हुआ था।
पंद्रह दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
करीब पंद्रह दिन पहले भी पुलिस ने भाजपा नेता के बार में भी इसी तरह से छापामारा था। उसमें भी डांस बार संचालित होने का खुलासा हुआ है। ताजा कार्रवाई से शहर के अन्य बियर बारों में भी यही आलम होने का कयास लगाए जा रहे हैं। इसके लिए शहर के अलावा बाहर से भी लड़कियां बुलाई जाती हैं।
वर्ष 2015 में ही खत्म हो गया था लाइसेंस : पूर्व पार्षद के संग्राम बार को वर्ष 2015 तक ही आर्केस्ट्रा पेश करने की अनुमति थी। अनुमति खत्म होेने के बाद भी धड़ल्ले से आर्केस्ट्रा जारी था। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। हालांकि कुछ पुलिस वालों का इस बार में आना-जाना लगा रहता है। इसके बाद भी पुलिस कार्रवाई से कतराती रही है।
राजनीति से प्रेरित है कार्रवाई
बार में ऐसा कुछ भी नहीं चल रहा था। आर्केस्ट्रा के लिए पुलिस विभाग के पास अनुमति के लिए आवेदन किया गया है। कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है।
- प्रशांत धवड, पूर्व पार्षद संचालक, संग्राम बार
Created On :   25 March 2018 5:52 PM IST