- Home
- /
- कस्टमर केयर नंबर गूगल सर्च करना...
कस्टमर केयर नंबर गूगल सर्च करना पड़ा मंहगा, 4 लाख का चूना

डिजिटल डेस्क, मुंबई । गूगल सर्च के जरिए बैंक का कस्टमर केयर नंबर खोजना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। एक साइबर ठग ने अपना डेबिट कार्ड शुरू कराने की कोशिश कर रहे एक 73 वर्षीय बुजुर्ग को 4 लाख रुपए से ज्यादा का चूना लगा दिया। शिकायत के आधार पर नई मुंबई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। खारघर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में बुजुर्ग ने बताया है कि वे अमेरिका में एक निजी कंपनी में काम करते थे। सेवानिवृत्त होने के बाद 1998 में भारत आ गए और नई मुंबई के खारघर में रहने लगे। उन्हें कंपनी से पेंशन मिलती है। उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में है। खाते से जुड़ा उनका डेबिट कार्ड बंद था।
पैसे निकालने में आसानी हो इसके लिए के डेबिटकार्ड शुरू कराना चाहते थे। इसके लिए 25 दिसंबर को उन्होंने गूगल पर एसबीआई का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। इस दौरान उन्होंने एसबीआई डेबिट कार्ड हेल्प के नाम पर एक मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर पर फोन करने पर सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम मनीष गुप्ता बताया। उसने दावा किया कि वह एसबीआई का कर्मचारी है। आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने मोबाइल में एनी डेस्क ऐप डाउनलोड करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के मोबाइल नियंत्रण में ले लिया और बैक खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर उनके खाते से 4 लाख 2 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। बाद में आरोपी ने शिकायतकर्ता से कहा कि बैंक का सर्वर धीमा है इसलिए उनका डेबिट कार्ड 27 दिसंबर को अपडेट होगा। बाद में शिकायतकर्ता बैंक में पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि उनके खाते से 4 लाख रुपए से ज्यादा निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने सोमवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Created On :   11 Jan 2022 7:34 PM IST