NCP का आरोप- राजनीतिक लाभ के लिए हो रहा सरकारी टैक्स का इस्तेमाल

Government tax is Use for political gains - NCP
NCP का आरोप- राजनीतिक लाभ के लिए हो रहा सरकारी टैक्स का इस्तेमाल
NCP का आरोप- राजनीतिक लाभ के लिए हो रहा सरकारी टैक्स का इस्तेमाल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने कहा है कि सरकार सरकारी टैक्स का इस्तेमाल अपने राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है। प्रदेश NCP अध्यक्ष जयंत पाटील ने कहा कि चुनाव समीप आते ही GST कर में कमी कर दी जाती है। इसके पहले वैट की व्यवस्था थी, उस वक्त सभी राज्यों के वित्त मंत्री एक साथ बैठ कर फैसले लेते थे। श्री पाटील ने 15 वे वित्त आयोग की बैठक में यह बात कही। वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह इन दिनों महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। श्री सिंह ने मंगलवार को सहयाद्री में विभिन्न राजनीतिक दलों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

राज्य के पूर्व वित्तमंत्री पाटील ने कहा कि GST कर के लिए पुरानी व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए। जिससे सभी राज्यों के वित्तमंत्री एक साथ बैठ कर फैसले ले सके और इसमें केंद्र का हस्तक्षेप न हो। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस राज्य में स्थलांतरण अधिक होता है, उस राज्य को अधिक निधि मिलनी चाहिए। उन्होंने वित्त आयोग से कहा कि विदर्भ-मराठवाडा के लिए 35 हजार करोड़ की निधि मिलनी चाहिए। साथ ही मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है। इस लिए मुंबई के लिए विशेष निधि का प्रावधान होना चाहिए।

मुंबई के लिए मिले विशेष निधि: कांग्रेस
केंद्रीय वित्त आयोग के साथ बैठक में प्रदेश कांग्रेस ने मुंबई के लिए विशेष निधि देने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष डा रत्नाकर महाजन के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के सामने अपनी मांग रखी। प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वित्त आयोग द्वारा निधि बंटवारा करते समय क्षेत्रफल व जनसंख्या के मापदंड के आधार पर दिए जाने वाले 30 फीसदी वेटेज को 25 फीसदी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में देशभर से लोग मुंबई आते हैं। इस लिए इस महानगर में ढांचागत और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशेष निधि मिलनी चाहिए। कांग्रेस की तरफ से राज्य में किसान आत्महत्या रोकने के लिए भरपुर निधि की मांग की गई। साथ ही पार्टी ने राज्य में अनुसूचित जाति व जनजाति की जनसंख्या के आधार पर 5 प्रतिशत वेटेज देने की मांग की। 

Created On :   18 Sept 2018 6:01 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story