- Home
- /
- निर्यात लायक कृषि उपज के लिए...
निर्यात लायक कृषि उपज के लिए किसानों को तैयार करेगी सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार के कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को अब खेती के बजाय निर्यात करने लायक कृषि उपज तैयार करने, बेहतर तरीके से पैकेजिंग और मार्केटिंग के गुर सिखाएंगे। इसके लिए कृषि विभाग ने अपने 350 अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू किया है। यह अधिकारी बाद में किसानों को ट्रैनिंग देंगे। इससे राज्य के किसान कृषि उपज को प्रदेश से निर्यात करने लायक तैयार कर सकेंगे। साथ ही किसान प्रदेश के मुंबई, पुणे, नागपुर और औरंगाबाद जैसे बड़े शहरों में सीधे आकर अपना कृषि उपज बेच सकेंगे।
प्रदेश के कृषि मंत्री दादाजी भुसे ने ‘दैनिक भास्कर’ से खास बातचीत में बताया कि कृषि विभाग के 350 अधिकारियों को चिन्हित किया गया है। फिलहाल इन अधिकारियों को पुणे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भुसे ने कहा कि राज्य में अभी तक कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को अच्छी खेती को लेकर जानकारी देते आए हैं। पर अब कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को बेहतर तरीके से कृषि उपज के उत्पादन के लिए प्रशिक्षण देंगे। जिससे किसान निर्यात करने लायक कृषि उपज का उत्पादन कर सकें। भुसे ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान किसानों के समूह अपने पास के शहरों की सोसायटी और बाजार में अपनी कृषि उपज लाकर बेच रहे थे। कृषि उपज को बेचने के इस तरीके को अब स्थायी रूप से स्थापित करने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग ने ‘जो बिकेगा, वही बोया जाएगा’ परिकल्पना के तहत किसानो को उपज के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे किसान सीधे ग्राहकों तक कृषि उपज को बेच सकेंगे।
महाराष्ट्र में इन उपज का होता है निर्यात
प्रदेश में कृषि उपज के निर्यात के लिए केंद्र और राज्य सरकार की नीति लागू है। प्रदेश में महाराष्ट्र राज्य कृषि विपणन महामंडल के जरिए महाराष्ट्र से ताजे फल, सब्जी, फुल विश्वभर में निर्यात किए जाते हैं। इसके अलावा किसान आम, अंगूर, अनार, आम का पल्प, काजू, संतरा, मक्का, चावल सहित अन्य अनाज निर्यात करते हैं। कृषि विपणन महामंडल ने राज्य में 44 निर्यात केंद्र सुविधा स्थापित किया है। इस महामंडल के जरिए किसानों, किसान समूहों, सहकरी संस्थाओं को कृषि उपज के निर्यात के लिए मदद की जाती है।
राज्य में फलों के निर्यात की स्थिति
महाराष्ट्र की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार साल 2019-20 में 307 करोड़ रुपए का आम निर्यात किया गया था। जबकि साल 2018-19 में 314 करोड़ और साल 2017-18 में 309 करोड़ रुपए का आम निर्यात हुआ था। साल 2019-20 में 2019 करोड़ रुपए का अंगूर विदेश में भेजा गया था। जबकि साल 2018-19 में 2118 करोड़ और साल 2017-18 में 1871 करोड़ रुपए का अंगूर निर्यात हुआ था। साल 2019-20 में 408 करोड़ रुपए के अनार विदेशों को भेजे गए थे। जबकि साल 2018-19 में 491 करोड़ और साल 2017-18 में 412 करोड़ रुपए का अनार निर्यात हुआ था। वहीं साल 2019-20 में प्याज 2319 करोड़, 2018-19 में 1914 करोड़ और 2017-18 में 1972 करोड़ रुपए की निर्यात हुई थी।
Created On :   3 Dec 2021 7:22 PM IST