सब्जेक्ट की पढ़ाई छोड़कर महीने भर दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पढ़ेंगे बच्चे

Government will teach biography of Deendayal Upadhyay in schools
सब्जेक्ट की पढ़ाई छोड़कर महीने भर दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पढ़ेंगे बच्चे
सब्जेक्ट की पढ़ाई छोड़कर महीने भर दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पढ़ेंगे बच्चे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी को सितंबर के पूरे माह भर मनाने की तैयारी राज्य सरकार जोर-शोर से कर रही है। इसको लेकर पार्टी के आलाकमान द्वारा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए गए है, तो स्कूलों में भी बच्चों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवन पढ़ाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने अपने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। मसलन बच्चे अब अपने विषय की पढ़ाई छोड़कर दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पढ़ेंगे। वह भी एक या दो दिन नहीं बल्कि सितंबर के पूरे महीने।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष 2017 के सितंबर माह को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म माह के रूप में मनाए जाने का प्रारूप तैयार कर, सभी राज्यों को जारी किया है। हाल ही में भोपाल आए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एमपी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में इस बात का उल्लेख भी किया था, कि एमपी के स्कूलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी पर सितंबर के पूरे माह प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं और स्कूली बच्चों को दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पढ़ाई जाए।

क्या-क्या करना होगा 

सरकार द्वारा माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित किए जाने वाली गतिविधियां और आयोजन की तिथियां निर्धारित कर दी गई है।  

  • माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के बच्चों द्वारा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय या उनकी उपलब्धियों के जीवन पर स्वरचित कविता पाठ, देशभक्ति गीत का गायन किया जाना है। यह आयोजन 4 सितंबर से 10 सितंबर तक चलेगा।
  • उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों द्वारा जमींदारी अधिनियम के उन्मूलन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा।
  • पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से संचालित विभिन्न योजना जैसे ग्रामीण कौशल योजना, ग्राम ज्योति योजना, अंत्योदय योजना और निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक का अयोजन कराया जाएगा। स्टूडेंट्स से लेख-आलेख का भी लेखन कराया जाएगा।
  • दीनदयाल उपाध्याय द्वारा उठाए गए मुद्दों पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन के साथ ही उनके विचारों की प्रासगिंकता पर एक निबंध प्रतियोगिता और पंडित दीनदयालय उपाध्याय के सामाजिक योगदान पर नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन 11, 13, 18 और 21 सितंबर तक संचालित कराया जाएगा।

पहले तीन को मिलेगा पुरस्कार 
विद्यालय स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्तर के स्टूडेंट्स के नाम विद्यालय के सूचना पटल पर लिखे जाएंगे।  विद्यालय की प्रार्थना के बाद चयनित स्टूडेंट्स के नाम घोषित कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल की जन्मशताब्दी दिवस के अवसर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर परिचर्चा, संवाद और भाषण कार्यक्रम आयोजित कर सभी विजेता स्टूडेंट्स का उत्साहवर्धन किया जाएगा। प्रत्येक जिले में विजेताओं के लिए एक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। 
 

Created On :   21 Aug 2017 1:08 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story