रांची में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Governor hoisted the tricolor in Ranchi, counted the achievements of the government
रांची में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
झारखंड रांची में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

डिजिटल डेस्क, रांची। 73 वें गणतंत्र दिवस पर झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल रमेश बैस ने तिरंगा ध्वज फहराया। इस मौके पर आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं, तो इसके साथ गणतंत्र के प्रति हमारे कर्तव्य भी निर्धारित किए गए हैं। यह हम सभी के लिए आत्मावलोकन का अवसर है कि हम अपने कर्तव्यों के प्रति कितने सजग और समर्पित हैं। राज्यपाल ने इस मौके पर राज्य सरकार द्वारा जनता की बेहतरी के लिए उठाए जा रहे कदमों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने विगत दो वर्षों में कई उल्लेखनीय कार्य किये हैं।

उन्होंने बिरसा ग्रामीण योजना और बिरसा कृषि पाठशाला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों जीवन में गुणात्मक परिवर्तन आया है । उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के धान खरीद के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के निजी संस्थानों में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 75 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिससे अधिक से अधिक स्थानीय उम्मीदवारों का रोजगार मिल सके। यह पलायन दूर करने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

इसी तरह प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेश और उद्योग नीति बनाई गई है। विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने के लिए नियुक्ति नियमावली में संशोधन किए गए हैं। सरकार ने कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए कई तरह के कदम उठाए हैं।

हर जल नल योजना से 2024 तक शत प्रतिशत लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को सरकार संकल्पित है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए फूलो- झानो योजना का जिक्र करते हुए कहा इसके जरिए उन महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया है जो हड़िया-दारु बेचकर जीवन यापन करती थीं।

मोरहाबादी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से झांकियां भी प्रदर्शित की गयीं। वन एवं पर्यावरण विभाग की झांकी को पहला स्थान मिला, जबकि दूसरे स्थान पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी रही। इस मौके पर पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने परेड और बैंड डिस्प्ले का शानदार प्रदर्शन भी किया।

(आईएएनएस)

Created On :   26 Jan 2022 8:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story