- Home
- /
- राज्यपाल कोश्यारी के पास ही है वह...
राज्यपाल कोश्यारी के पास ही है वह सूची, आरटीआई अपील पर राजभवन ने दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद की राज्यपाल कोटे वाली 12 सीटों के लिए महा विकास आघाडी सरकार द्वारा भेजी गई 12 नामों की सूची फिलहाल राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पास है। राजभवन में आरटीआई अपील की सुनवाई में यह बात सामने आई है। मंगलवार को राजभवन सचिवालय में आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली द्वारा दायर अपील पर सुनवाई हुई। अब इस बारे में राज्यपाल द्वारा निर्णय लेने पर ही सूची में शामिल नामों की जानकारी मिल सकेगी। गलगली के मुताबिक राज्यपाल की उप सचिव प्राची जांभेकर ने आरटीआई अपील पर सुनवाई करते हुए बताया कि राज्यपाल के पास 12 नामों की सूची सहित पूरी फाईल है और इस पर निर्णय होने पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
गलगली के अनुसार जांभेकर ने यह भी कहा कि फिलहाल यह मामला अदालत में है। इस लिए इस बारे में आरटीआई के तहत जानकारी दी जाए अथवा नहीं? इस पर सलाह मशवरा किया जाएगा। इसके पहले आरटीआई कार्यकर्ता गलगली ने 22 अप्रैल 2021 को राज्यपाल सचिवालय से जानकारी मांगी थी कि विधान परिषद में सदस्यों की नियुक्ति के संबंध में मुख्यमंत्री/मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा राज्यपाल को सौंपी गई सूची की जानकारी दी जाए। 19 मई 2021 को गलगली के आवेदन का जवाब देते हुए राज्यपाल सचिवालय के अवर सचिव जयराज चौधरी ने बताया था कि लोक सूचना अधिकारी (प्रशासन) के कार्यालय में राज्यपाल द्वारा नियुक्त होने वाले विधान परिषद सदस्यों की सूची उपलब्ध नहीं है।
Created On :   15 Jun 2021 7:14 PM IST