विधान परिषद स्नातक चुनाव, भाजपा को चुनौती देगी कांग्रेस

Graduate election of Legislative Council, Congress will challenge BJP
विधान परिषद स्नातक चुनाव, भाजपा को चुनौती देगी कांग्रेस
विधान परिषद स्नातक चुनाव, भाजपा को चुनौती देगी कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधान परिषद की नागपुर स्नातक सीट के लिए चुनाव की हलचल तेज हो गई है। लंबे समय से यह सीट भाजपा जीतती रही है। इस बार कांग्रेस कड़ी चुनौती देने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस ने इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए हैं। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अभिजीत वंजारी ने कांग्रेस में उम्मीदवार बनने के लिए आवेदन किया है। भाजपा के अनिल सोले इस सीट से विधान परिषद में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भाजपा करीब एक साल से इस चुनाव की तैयारी कर रही है। सोले के दौरे भी नियमित चल रहे हैं। यह भी संकेत है कि इस बार भाजपा में  उम्मीदवार बदल सकता है। 

कांग्रेस की तैयारी
इस चुनाव के लिए कोरोना काल में ही कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। उसमें निर्णय लिया गया कि नागपुर विभाग के कांग्रेस कोटे के मंत्रियों को इस चुनाव के नेतृत्व की प्रमुख जिम्मेदारी दी जाए। विजय वडेट्टीवार, सुनील केदार, नितीन राऊत जैसे मंत्रियों को जल्द ही चुनाव कार्य की रणनीति पर काम करने के लिए कहा जा सकता है। कांग्रेस ने इस चुनाव के लिए 5 अक्टूबर तक उम्मीदवारों से पार्टी के मुंबई स्थित कार्यालय में ई-मेल से आवेदन आवेदन मंगाए हैं। गुरुवार तक केवल अभिजीत वंजारी का ही आवेदन पहुंच पाया है।

भाजपा में पंजीयन बढ़ाने पर जोर
भाजपा का इस चुनाव के लिए मतदाताओं के पंजीयन बढ़ाने पर जोर है। जून 2014 में अनिल सोले चुनाव जीते थे। जून 2020 में उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है। कोरोना के कारण यह चुनाव लंबित रह गया है। अभी चुनाव का कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है, लेकिन तैयारी शुरू है। सोले का चंद्रपुर, गोंदिया सहित नागपुर विभाग के जिलों में प्रमुखता से जनसंपर्क कार्यक्रम चल रहा है। पिछले चुनाव में भाजपा ने सदस्यता अभियान की प्रमुख जिम्मेदारी संदीप जोशी को दी थी। उन्हें ही भाजपा का संभावित उम्मीदवार समझा जा रहा था, लेकिन सोले को उम्मीदवार बनाया गया। जोशी फिलहाल महापौर हैं। उन्होंने घोषणा की है कि वे मनपा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। लिहाजा चर्चा है कि जोशी विप की ओर बढ़ सकते हैं। 

यह भी आजमाएंगे दांव
इस चुनाव में प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी के अलावा सीनेट परिवर्तन पैनल, परिवर्तन पैनल, फुले आंबेडकर टीचर्स एसोसिएशन, विदर्भ शिक्षक संघ, विदर्भ माध्यमिक शिक्षक संघ, भीम सेना के इच्छुक उम्मीदवार भी दांव आजमा सकते हैं।

Created On :   3 Oct 2020 5:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story