- Home
- /
- 10 किलो का हैंडबैग ले जाएं या 7...
10 किलो का हैंडबैग ले जाएं या 7 किलो का ? उलझन में हज यात्री

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हज यात्रा पर ले जाए जाने वाले हैंडबैग के वजन को लेकर हज कमेटी ऑफ इंडिया और एयर इंडिया ने अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए हैं। इसको लेकर हज यात्री कन्फ्यूजन में हैं कि किसकी बात मानी जाए।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने परिपत्र जारी कर कहा है कि हज यात्री 10 किलो वजन का हैंडबैग अपने साथ ले जा सकते हैं। जबकि एयर इंडिया ने 7 किलो वजनी हैंडबैग ले जाने की बात कही थी। हज यात्री इस दुविधा में हैं कि वे 10 किलो वजन का हैंडबैग ले जाएं या 7 किलो वजनी हैंडबैग।
हज हाउस में गत 10 जुलाई को आयोजित विदर्भ स्तरीय हज तरबियत कैंप में एयर इंडिया नागपुर की स्टेशन मैनेजर एलिस पॉल ने कहा था कि इस बार हज यात्री 10 किलो के बजाय 7 किलो वजन का हैंडबैग ले जा सकेंगे। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 10 किलो और एयर इंडिया द्वारा 7 किलो वजन के हैंडबैग ले जाने की घोषणा से हज यात्रियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
हज पर जाने वाले लोगों के लिए सेंट्रल तंजीम कमेटी की ओर से पूरे विदर्भ में हज तरबियत कैंप का आयोजन 15 तथा 16 जुलाई को किया गया है। कमेटी के अध्यक्ष हाजी अ. कदीर के मार्गदर्शन में आयोजित कैंप में महाराष्ट्र के फील्ड ट्रेनर हज यात्रियों को प्रशिक्षण देंगे। 15 जुलाई को भंडारा स्थित मुस्लिम लाइब्रेरी में हज तरबियत कैंप होगा, जिसके इंचार्ज इमरान मौलाना और शाहिद नसीम खान है।
Created On :   15 July 2017 11:04 PM IST