हज यात्रा : सब्सिडी खत्म, नागपुर से पहली उड़ान 29 जुलाई से, यात्रियों की जेब पर पड़ेगा बोझ

Haj pilgrims first flight Starting from July 29 to the Nagpur
हज यात्रा : सब्सिडी खत्म, नागपुर से पहली उड़ान 29 जुलाई से, यात्रियों की जेब पर पड़ेगा बोझ
हज यात्रा : सब्सिडी खत्म, नागपुर से पहली उड़ान 29 जुलाई से, यात्रियों की जेब पर पड़ेगा बोझ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हज यात्रा के लिए नागपुर इंबार्केशन सेंटर से 29 जुलाई से उड़ान शुरू हो सकती है जो 4 अगस्त तक चलेगी।  इस बार 125 सीटों की क्षमता वाली करीब 22 फ्लाइट होगी। एक दिन में दो-दो घंटे के अंतराल में तीन से चार फ्लाइट रवाना होगी। आवश्यकता के अनुसार तिथि में परिवर्तन भी किया जा सकता है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने अधिसूचना जारी कर हज यात्रा के किराये की घोषणा कर दी है। सब्सिडी खत्म होने के बाद नागपुर से हज यात्रा महंगी हो गई है। पिछले वर्ष के मुकाबले हज यात्रियों की जेब पर इस बार 10 से 15 हजार रुपए का बोझ बढ़ेगा।

देश भर में 21 इंबारकेशन सेंटर
देश भर में 21 इंबारकेशन सेंटर से हज के लिए लोग रवाना होंगे। नागपुर सहित 11 सेंटरों के यात्रियों को संबंधित सेंटर से उड़ान भरना पड़ेगा जबकि 10 सेंटरों के यात्रा दूसरे सेंटर से भी हज पर रवाना हो सकते हैं। नागपुर से पूरे विदर्भ के अलावा मध्यप्रदेश के चार जिले मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा तथा सिवनी और छत्तीसगढ़ के हज यात्री रवाना होंगे।

किसे लगेगा कितना किराया
सेंट्रल तंजीम कमेटी के उपाध्यक्ष शाहिद नसीम खान ने बताया कि नागपुर इंबार्केशन सेंटर से ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को कुल 2 लाख 50 हजार रुपए और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 16 हजार 700 रुपए किराया लगेगा। दोनों श्रेणी के यात्री पहली किश्त के रूप में 81-81 हजार रुपए भर चुके हैं। अब ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को बाकी 1 लाख 69 हजार रुपए और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को 1 लाख 35 हजार 700 रुपए जाम करने होंगे। कुर्बानी के कूपन के लिए 8 हजार रुपए अलग देने होंगे। 2 साल तक की उम्र के बच्चे का किराया 11 हजार 450 रुपए लगेगा। बकाया राशि जमा करने की अंतिम तिथि 23 मई है। 

हवाई किराया 
नागपुर इंबार्केशन सेंटर से हज के लिए रवाना होने वाले यात्रियों से एयरपोर्ट टैक्स सहित हवाई किराया 69 हजार रुपए लगेगा। इसमें एयरपोर्ट टैक्स के रूप में 14 हजार 767 रुपए शामिल हैं। 

हर यात्री को 2100 सऊदी रियाल
प्रत्येक हज यात्री को 2100 सऊदी रियाल एयरपोर्ट पर दिया जाएगा। रियाल का भाव भारतीय मुद्रा के अनुसार 17.60 रुपए है। दोबारा हज यात्रा करने वाले को 2 हजार रियाल अतिरिक्त लगेगा।  
44 किलो से अधिक सामान नहीं ले जा सकते, 10 किलो का हैंडबैग
हज यात्री अपने साथ 2 बैग में 44 किलो से अधिक सामान नहीं ले जा सकते। एक बैग का वजन 22 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। साथ में 10 किलो का एक हैंडबैग ले जाने की अनुमति दी गई है। 

हज मार्गदर्शन केंद्र
सेंट्रल तंजीम कमेटी के अध्यक्ष हाजी अ. कदीर तथा सचिव हाजी मो. कलाम के मार्गदर्शन में मोमिनपुरा स्थित मोहम्मद अली सराय में हज यात्रियों की सहायता के लिए हज मार्गदर्शन केंद्र चलाया जा रहा है।  हज यात्री अधिक जानकारी और अपनी समस्याओं के निवारण के लिए हज मार्गदर्शन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। 

 

Created On :   25 April 2018 6:05 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story